चोरों के निशाने पर राजधानी का संजौली

शिमला— बढ़ती चोरियों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए शिमला पुलिस का अभियान शनिवार को भी जारी रहा। पुलिस ने शनिवार को उक्त अभियान में 100 के करीब जवान को शामिल किया।  अभियान के तहत उपनगर में सभी घरों को कवर किया जा रहा है। पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने शनिवार को संजौली उपनगर के हाउसिंग बोर्ड कालोनी सहित कई क्षेत्रों में लोगों से संपर्क किया। यहां घरों के अलावा दफ्तरों में भी लोगों से संपर्क साधा गया, वहीं कुछ जगह लोगों को एकत्र कर सामूहिक रूप से जागरूक करने का प्रयास किया गया। पुलिस लाइन कैथू के अलावा जिला पुलिस के जवान और अधिकारी भी जनसंपर्क अभियान में शामिल किए गए। अभियान के तहत लोगों को चोरियों से बचने के तौर-तरीकों की जानकारी दी गई। लोगों को पुलिस से भी लगातार संर्पक रखने का आग्रह किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि पुलिस और स्थानीय जनता के तालमेल से ही चोरी और दूसरी आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाया जा सकता है। इसके लिए स्थानीय लोगों को भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि शहर में चोरियों की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। खासकर, संजौली क्षेत्र पिछले कई दिनों से चोरों के निशाने पर है।  बीते दो माह में ही कई चोरियां हो चुकी हैं। लगातार हो रही चोरियों से जहां आम लोग परेशान हैं, वहीं पुलिस की चिंता भी बढ़ी हुई है। इसे देखते हुए पुलिस ने लोगों को जागरूक करने का अभियान शुरू किया है।