…तो तैयार! आज से भारी बारिश-बर्फबारी की बारी

By: Jan 24th, 2017 12:01 am

शिमला  —  हिमाचल प्रदेश में तीन दिन तक जनता को फिर से भारी दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार को भारी बारिश व बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। जबकि विभाग ने प्रदेश के इन क्षेत्रों में बुधवार, गुरुवार को कुछ स्थानों भारी से बहुत भारी बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान राज्य के मैदानी इलाकों में भी मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है जो जनजीवन पर भारी पड़ सकती है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान पहाड़ों पर फिर से ताजा हिमपात हुआ है। कल्पा में 2.0, उदयपुर में 1.0 सेंटीमीटर हिमपात रिकार्ड किया गया है। जिला शिमला के रोहड़ू में 3.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सोमवार को भी प्रदेश में मौसम खराब बना रहा। मौसम में आई करवट से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। खासतौर पर प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में तीन दिन तक मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। प्रदेश में 25 व 26 जनवरी को भारी से बहुत भारी बारिश व बर्फबारी होगी। प्रदेश में 28 जनवरी तक मौसम खराब मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में 28 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। विभाग ने जहां 25 व 26 जनवरी को भारी से बहुत भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है, वहीं 27 व 28 जनवरी को भी प्रदेश भर में बारिश बर्फबारी की उम्मीदें जताई हैं। राज्य में 29 जनवरी से मौसम खुलने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है।

हिमाचली खौफजदा

प्रदेश में भारी बर्फबारी से दिक्कतें झेल चुके लोग मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी से सहमे हुए हैं। लोगो में  डर है कि अगर विभाग की चेतावनी सटीक रहती है तो फिर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा।

सोमवार का तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    15.6      5.5

सुंदरनगर  20.3     3.8

भुंतर       20.7      2.6

कल्पा     5.8        -2.8

धर्मशाला  14.2       7.4

ऊना       23.8       6.5

नाहन      20.7      9.7

सोलन     20.5      4.0


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App