नए साल के जश्न में खूब झूमा सोलन

सोलन     —  नए वर्ष का जश्न जिला भर में धूमधाम से मनाया गया। जिला के बड़े होटलों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। देर रात तक मस्ती और धमाल का सिलसिला चलता रहा। वहीं ंपरवाणू से सोलन तक ट्रैफिक जाम लगने की वजह से पर्यटक काफी परेशान भी रहे।  तानसेन संगीत महाविद्यालय सोलन द्वारा मालरोड पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देर शाम आयोजित  इस कार्यक्रम में युवक व युवतियों  ने जमकर मस्ती की। डीजे की धुन पर युवाओं ने खूब ठुमके लगाए। सैकड़ों की संख्या में इस दौरान भीड़ एकत्रित हो गई। मुरारी मार्केट के समक्ष आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में करीब दो घंटे तक लगातार डांस चलता रहा। नए वर्ष के जश्न में डूबे युवाओं ने जमकर धमाल मचाया। इसके अलावा जिला के अधिकतर होटलों में भी नए वर्ष का जश्न धूमधाम से मनाया गया। बड़ोग स्थित होटल पाइनवुड में पर्यटकों के लिए संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया था। यहां पर बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों के लिए कई प्रकार के पहाड़ी व देशी लजीज व्यंजन भी परोसे गए। पर्यटकों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार की प्रतियोगिताएं भी होटल में आयोजित की गई। इसी प्रकार शहर के होटल हिमानी में भी पर्यटकों का स्वागत काफी अलग अंदाज में किया गया। देर शाम तक यहां पर भी पर्यटकों ने खूब मौज मस्ती की। शहर के गली-मोहल्लों में भी नए वर्ष के जश्न मनाए गए। लोगों ने अपने घरों में डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। देर रात तक नए वर्ष के जश्न का सिलसिला चलता रहा। कई वर्षों के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब  पुराने वर्ष की विदाई और नए वर्ष के आगमन पर रात्रि 12 बजे बिजली बंद नहीं की गई। हालांकि इससे पूर्व ऐसा नहीं होता था।

ट्रैफिक जाम से सैलानी परेशान

परवाणू से सोलन तक पर्यटकों को राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ट्रैफिक ने काफी परेशान किया। इन दिनों फोरलेन का कार्य प्रगति पर है, जिसकी वजह से सड़क की हालत बेहद खस्ता है। इस सबकी वजह से राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ट्रैफिक जाम लगा रहा। एक घंटे का सफर तय करने में पर्यटकों को दो से तीन घंटे का समय लगा है।