पंजाबियों ने कब्जाई हिमाचलियों की जमीन

By: Jan 24th, 2017 12:01 am

कांगड़ा के सीमांत क्षेत्र मंड में पड़ोसी राज्यों के भू-माफिया कब्जा रहे संपत्ति

फतेहपुर —  जिला कांगड़ा के सीमा क्षेत्रों में हिमाचली लोगों की जमीन पंजाब के लोग कब्जा रहे हैं। यही नहीं, निजी मिलकीयत के अलावा सरकारी जमीन पर भी अतिक्रमण बदस्तूर जारी है। स्थानीय लोग कब्जाधारियों की तानाशाही के आगे बेबस हैं। यह सच्चाई है पंजाब के साथ लगते मंड क्षेत्र के गांव मंडमियानी, मंड ठाकरा, मंड लुधियाड़चा, शाहनहर वैराज के साथ जगीर, रे-ब्यास नदी, महाल रियाली आदि गांवों की। इन जगहों पर ब्यास के साथ लगती सरकारी भूमि भी हथयाई जा रही है। पंजाब के लोग हिमाचल की सीमा पर लगातार अपना कब्जा कर रहे हैं और हिमाचल की जमीन को पंजाब की जमीन बताया जा रहा है। हालात ये हो गए हैं कि अब स्थानीय लोग पंजाब व हिमाचल की सीमा ही नहीं पहचान पा रहे। आज तक हिमाचल राजस्व विभाग पंजाब के साथ सीमा विवाद सुलझा नहीं पाया है और आए दिन पंजाबी हिमाचलियों की जमीन को पंजाब सीमा बताते हैं, जिस कारण दिन-प्रतिदिन पंजाबी हिमाचल की जमीन को पंजाब की सीमा बता कर कब्जा कर रहे हैं। इसका साफ उदाहरण जिला उपायुक्त कांगड़ा के पास चल रहा केस है। इसमें देवी सिंह व प्रवेश कुमारी निवासी रियाली ने अपनी जमीन को छुड़वाने की गुहार लगाई है व सीमा विवाद को हल करने की मांग की है। उधर, शिवसेना के प्रदेशाध्यक्ष रमेश दत्त कालिया ने कहा कि प्रदेश सरकार व प्रशासन जल्द इस विवाद को सुलझाए। सीमा विवाद खत्म करना चाहिए ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे। ऐसा नहीं है कि यह मसला पहले मंत्रियों व सांसदों के सामने नहीं आया। हर बार नेताओं से यहां के लोगों को आश्वासन ही मिले।

सेटेलाइट की लें मदद

जानकरों का मानना है कि प्रदेश सरकार सेटेलाइट के माध्यम से पंजाब और हिमाचल की सीमा विवाद को हल करे ताकि हिमाचल के लोगों को इनसाफ मिल पाए। जानकारी अनुसार कई मामले स्थानीय व इंदौरा थाना व ठाकुरद्वारा पुलिस चौकी के साथ-साथ नूरपुर व फतेहपुर तहसील कार्यलयों मे चल रहे हैं।

* पुलिस को ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। लोगों को चाहिए कि वे ऐसे मामलों पर पुलिस का तुरंत सहारा लें। सीमा विवाद हल करने में प्रयासरत हैं

सीपी वर्मा डीसी, कांगड़ा

* जब मैं सांसद था तो यह मामला मेरे ध्यान में आया था। मैंने प्रशासन को इस मामले पर कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। इन लोगों को इनसाफ  दिलाने के लिए आवाज बुलंद करूंगा

डा. राजन सुशांत, पूर्व सांसद

* पंजाब के लोग सीमा से सटे हिमाचली लोगों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं, तो यह सहन नहीं किया जाएगा। कब्जे छुड़वाए जाएंगे। जल्द ही निशानदेही के आदेश होंगे

ठाकुर कौल सिंह, राजस्व मंत्री

* प्रशासन को ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदेश सरकार भी दोषी है। प्रदेश सरकार के समय में भू-माफिया को शरण मिली है। लोगों को इनसाफ  दिलवाया जाएगा

शांता कुमार, सांसद


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App