पंजाब चुनाव में कूदे हिमाचली नेता

By: Jan 31st, 2017 12:05 am

ऊना – पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों का असर प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। हिमाचल के भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज नेता भी पंजाब में प्रचार में जुटे हुए हैं। प्रदेश मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने पंजाब राज्य में चुनाव प्रचार किया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आनंदपुर साहिब के अलावा अन्य क्षेत्रों में प्रचार किया, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी पंजाब चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसके अलावा सांसद अनुराग ठाकुर पिछले दो दिन से पंजाब में ही चुनाव प्रचार को डटे हुए हैं। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने नवांशहर विधानसभा चुनाव क्षेत्र में प्रचार किया। इसमें अहम यह है कि प्रदेश के दो दिग्गज नेता वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल एक साथ ही ऊना जिला में पहुंच गए। दोनों नेताओं का रविवार को रात्रि ठहराव भी ऊना में ही हुआ। मुख्यमंत्री रविवार रात को ऊना रेस्ट हाउस में रुके थे, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल दौलतपुर रेस्ट हाउस में रुके। मुख्यमंत्री ने ऊना में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। पुलिस प्रशासन की बैठक ली। अन्य गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया गया, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने दौलतपुर में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। कार्यकर्ता मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री के स्वागत में डटे रहे। एक तरह से पंजाब राज्य के विधानसभा चुनावों का असर प्रदेश में भी दिख रहा है, लेकिन सभी दिग्गज नेता ऊना भी पहुंच रहे हैं। पंजाब राज्य की सीमा से सटे होने के चलते ऊना में भी चुनावी गतिविधियों से अछूता नहीं रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App