पंजाब में नशा खत्म तो सरहद सेफ

By: Jan 30th, 2017 12:03 am

आनंदपुर साहिब के भरतगढ़-दैहणी मिस्सेवाल में बोले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह

बीबीएन- मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि पंजाब में नशे के कारोबार को समाप्त कर विकास के मार्ग को प्रशस्त किया जा सकता है। मुख्यमंत्री रविवार को नालागढ़ से सटे आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र के भरतगढ़ व दैहणी मिस्सेवाल में कांग्रेस उम्मीदवार राणा केपी सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान पांच जनसभाओं को संबोधित किया और विकास व सुशासन के लिए कांग्रेस को सर्मथन देने की अपील की। कांग्रेस उम्मीदवार राणा केपी सिंह ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का तलवार भेंट कर स्वागत किया। सीएम ने कहा कि पिछले 10 साल में पंजाब अर्श से फर्श पर पहुंच गया है। पंजाब की पहचान नशे की गिरफ्त में फंसे एक ऐसे राज्य की बन चुकी है, जहां चारों तरफ नशे के कारण विकास अवरुद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब से नशे का कोढ़ मिटेगा तो इससे हिमाचल की सीमाएं भी सुरक्षित होंगी। पंजाब के युवा को यदि आज शिखर पर पहुंचना है तो पंजाब से नशे के सौदागरों को दूर करना होगा। सीएम ने कहा कि पंजाब को उसके मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। पूरे विश्व में पंजाबी अपना परचम लहरा रहे हैं, किंतु भाजपा-अकालियों की गलत नीतियों के कारण देश में पंजाब की साख गिर गई है। आज हालात ये हैं कि पंजाब सरकार ने सरकारी संपत्तियों को गिरवी रख दिया है।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तरफ  से सरदार अमरिंदर सिंह को कांग्रेस पार्टी का मुख्यमंत्री घोषित किया गया है। अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री बनते ही पंजाब को नया सवेरा देखने को मिलेगा। पंजाब के उद्योगों को निर्वाध बिजली चाहिए, कानून व्यवस्था की अच्छी स्थिति चाहिए और ऐसी नीतियां चाहिएं, जो पंजाब को देश का सरताज बना सकें। इस अवसर पर उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, दून के विधायक चौधरी राम कुमार, रामलाल ठाकुर, बावा हरदीप सिंह,  लखविंदर सिंह राणा, सुरेंद्र सेठी, संजय भंडारी सहित अन्य पार्टी नेता उपस्थित थे।

हिमाचल देश के बेहतर राज्यों में शुमार

वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की वर्तमान सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। हिमाचल में आज उद्योगों को नियमित बिजली की आूपर्ति मिलती है। कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बेहतर है तथा उद्योगपतियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। हिमाचल को देश के बेहतर राज्यों में माना जाता है।

news

नालागढ़ : रविवार को विधानसभा क्षेत्र के तहत ढाना में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App