पुलिस मैदान पहुंचते ही हुआ इस्तकबाल

धर्मशाला —  शीतकालीन प्रवास के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बुधवार को कांगड़ा प्रवास पर मिनी राजधानी धर्मशाला के पुलिस मैदान में सीधे दिल्ली से पंहुंचे। दिल्ली से हेलिकाप्टर से पुलिस मैदान में उतरे मुख्यमंत्री का फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के स्वागत में शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया, सीपीएस जगजीवन पाल, वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल, केसीसीबी के अध्यक्ष जगदीश सिंह सिपहिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, प्रदेश और जिला कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। सीएम ने धर्मशाला पंहुचने पर मिनी सचिवालय में विभिन्न योजनाओं का एक साथ शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री बुधवार को  प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खनियारा और बगली के भवन तथा शिक्षा बोर्ड के गोपनीयता ब्लॉक का उद्घाटन किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री शिक्षा बोर्ड कालोनी सिद्धपुर के सामुदायिक केंद्र और चीलगाड़ी में बोर्ड के अतिरिक्त आवासों, डिग्री कालेज धर्मशाला के कन्या छात्रावास और चैतडू में सरांगड़ी नाला पर पुल का उद्घाटन किया। धर्मशाला और मकलोडगंज में प्रमुख मंदिरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण तथा पर्यटन अधोसंरचना की उन्नयन परियोजना की आधारशिला भी रखी। रात्रि ठहराव सर्किट हाउस धर्मशाला में किया।