प्रभावितों को दें उचित मुआवजा

मंडी —  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को मंडी में नागचला-कुल्लू-मनाली फोरलेन के निर्माण को लेकर बनी फोरलेन संघर्ष समिति तथा राजस्व विभाग के उच्चाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बैठक में अधिकारियों से कहा कि फोरलेन से विस्थापित होने वाले परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि भू-अधिग्रहण से प्रभावित व्यक्ति  हमेशा के लिए उस स्थान से विस्थापित हो जाता है, इसलिए आवश्यक है कि उसके पुनर्वास का विशेष ख्याल रखा जाए और उन्हें अधिकतम लाभ देने का प्रयास किया जाए। वीरभद्र सिंह ने कहा कि हालांकि फोरलेन का कार्य विकास से जुड़ा अहम मामला है, जिससे समूचे क्षेत्र को लाभ पहुंचता है, इसलिए आवश्यक है कि स्थानीय लोगों के सहयोग से इस मामले को शीघ्र सुलझाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विस्थापितों को दिए जाने वाले मुआवजे के मामलों को समयबद्ध निपटाएं। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि फोरलेन में कई स्थानों पर उपजाऊ भूमि का भी अधिग्रहण किया जा रहा है, जिसके लिए उपयुक्त  मुआवजा दिया जाना चाहिए। इससे पूर्व, फोरलेन संघर्ष समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने फोरलेन से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा, अतिरिक्त  मुख्य सचिव तरुण श्रीधर व  नरेंद्र चौहान सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।