मकलोडगंज में भू-स्खलन का झूठा वीडियो वायरल

धर्मशाला  – दो दिनों की भारी बारिश के बाद बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा और विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मकलोडगंज में हुए भू-स्खलन के झूठे वीडियो ने प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों में रह रहे हिमाचलियांे की नींद उड़ा दी है। इतना ही नहीं बर्फबारी के बाद मकलोडगंज आने वाले पर्यटकों के  कदमों पर भी ब्रेक लगा दी। सोशल मीडिया पर अचानक से वायरल हुई भू-स्खलन की वीडियो ने पर्यटन नगरी सहित अन्य क्षेत्रांे को भी हिलाकर रख दिया। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद धर्मशाला तथा मकलोडगंज में रहने वाले लोगों के फोन भी दनदनाने लगे। हर कोई अपने सगे-संबंधियों और रिश्तेदारों का कुशलक्षेम जानने के साथ भू-स्खलन की भी जानकारी लेता रहा। सोशल मीडिया पर गुरुवार की रात को वायरल हुई एक वीडियो ने पर्यटन नगरी में हड़कंप मचा दिया, जिसके चलते शुक्रवार को भी दिन भर इस वीडियो को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। करीब आधा मिनट के इस वीडियो में भू-स्खलन को दिखाया गया था तथा यह भी बताया जा रहा था कि यह भू-स्खलन पर्यटन नगरी मकलोडगंज में हुआ है। इस वीडियो के सामने आने के बाद जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया। इस वीडियो की सच्चाई को जानने के लिए जिला प्रशासन भी मौके का दौरा करने के लिए पहुंच गया, लेकिन मकलोडगंज में वीडियो में दिखाए गए भू-स्खलन के क्लिप के संबंध में कुछ भी नहीं मिला। इतना ही नहीं अचानक सोशल मीडिया पर इस वीडियो के अपलोड करने के सूत्रों की भी तलाश में पुलिस जुट गई है। इस झूठे वीडियो के खिलाफ होटल एसोसिएशन मकलोडगंज ने पुलिस में भी शिकायत दर्ज कर इस वीडियो को अपलोड करने वाले शरारती तत्त्व को तलाश करने की मांग की है,जिससे कि इस झूठे वीडियो को अपलोड कर लोगों को परेशान करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।  उधर, मकलोडगंज होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी बावा ने बताया कि क्षेत्र में भू-स्खलन की झूठा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले शरारती तत्त्व के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।