महिलाओं के उत्थान को कई योजनाएं

बीबीएन/नालागढ़ —  प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से अनेक योजनाएं आरंभ की हैं। लड़कियों को जहां स्नातक स्तर तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है, वहीं उन्हें घर-द्वार के समीप उच्च शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में गत चार वर्षों में 38 नए महाविद्यालय भी खोले गए हैं।  कलाकारों ने लोगों को बताया कि बेटी है अनमोल योजना की राशि को 5100 रुपए से बढ़ाकर दस हजार रुपए किया गया है। सोलन जिला में भी गत चार वर्षों में इस योजना के तहत लगभग दस हजार लड़कियों को लाभान्वित किया गया है। पूजा कलामंच सरयांज के कलाकारों ने दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरोटीवाला तथा मंधाला में ग्रामवासियों को जानकारी दी कि प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए 154 करोड़ रुपए की राजीव गांधी सूक्ष्म सिंचाई योजना आरंभ की गई हैं। ग्रामीणों को बताया गया कि राष्ट्र निर्माण एवं गांव-गांव के संतुलित विकास में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भी समान भागीदारी है। प्रदेशवासियों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष अनुदानित योजना चलाई जा रही हैं। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को तीन दालें, दो खाद्य तेल एवं नमक सस्ती दरों पर उपलब्ध करवाने पर गत चार वर्षों में 1335 करोड़ रुपए खर्चे गए हैं। ग्रामीणों को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पशुपालन की दिशा में कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान ग्राम पंचायत बरोटीवाला के प्रधान राम रतन चौधरी, ग्राम पंचायत मंधाला के प्रधान कुलतार सिंह, ग्राम पंचायत भाटियां के प्रधान मोहन सिंह, ग्राम पंचायत भाटियां के उप प्रधान त्रिलोक सिंह, ग्राम पंचायत बरोटीवाला के उप प्रधान हितेन्द्र कुमार शर्मा, ग्राम पंचायत मंधाला के उप प्रधान भागचंद शर्मा,दलीप सिंह, दर्शन देवी, माया देवी, महिला मण्डल एवं युवक मंडल के सदस्यों सहित ग्राम वासी इंद्र सिंह, जगत राम तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।