मां के दर्शनों को अभी इंतजार

थुनाग— सराजघाटी की ऊंची पहाडि़यों में स्थित माता शिकारी देवी के दर्शनों के लिए अब भक्तों को और इंतजार करना पडे़गा। शिकारी देवी मंदिर परिसर में आठ से दस फुट तक बर्फबारी के चलते सभी रास्ते बंद हो गए हैं। वहीं, क्षेत्र में तीन-चार माह बर्फबारी होती रहती है। भारी बर्फबारी होने के कारण प्रशासन ने मंदिर के पुजारी व कारिंदों को वापस बुलाया लिया है, ताकि उक्त क्षेत्र में उन्हें दिक्कतों का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने शिकारी देवी में जाने के लिए रोक लगा दी है। एसडीएम जंजैहली अश्वनी कुमार ने बताया कि माता शिकारी मंदिर से पुजारी सहित सभी लोगों को वापस बुला लिया है। उन्होंने कहा कि माता शिकारी की पहाडि़यों में बर्फ  गिरने के कारण भुलाह से आगे जाने के लिए रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि भुलाह से आगे अधिक बर्फबारी हुई है, जिसके कारण लोगों व पर्यटकों को जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान से आगे न जाएं।