सुन्नी में बताया 26 जनवरी का इतिहास

सुन्नी – सतलुज जलविद्युत निगम की लूहरी परियोजना द्वारा सुन्नी में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली बच्चों ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब रंग जमाया। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुन्नी, सरस्वती विद्या मंदिर, वरिष्ठ माध्यमिक माया पब्लिक स्कूल, वरिष्ठ माध्यमिक गीता निकेतन विद्यालय सुन्नी के विद्यार्थियों ने देशभक्ति के गीतों एवं गणतंत्र दिवस क्यों और कब से मनाया जाता है। इस पर अपने विचार व्यक्त किए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुन्नी हाल में आयोजित समारोह में लूहरी जलविद्युत परियोजना प्रमुख अरविंद महाजन बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हर भारत वासी के लिए 26 जनवरी एक ऐतिहासिक दिन है। नई पीढ़ी को, जहां 26 जनवरी के महत्त्व की जानकारी आवश्यक है। इसी दिन सभी को सांप्रदायिकता, क्षेत्रवाद, जातिवाद, आतंकवाद, रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार आदि विभिन्न बुराइयों को खत्म करने की शपथ लेनी चाहिए। साथ ही उन्होंने  लूहरी परियोजना द्वारा क्षेत्र के निरंतर विकास का पुरजोर आश्वासन दिया। लूहरी परियोजना की तीसरे चरण की परियोजना, जो सुन्नी में बनाई जाएगी उसके लिए मुख्यमंत्री एवं स्थानीय लोगों के सहयोग का भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पंचायत सुन्नी के पदाधिकारी बसंतपुर, घरयाणा, करयाली, बाग, चेवड़ी, बिंदला तथा परलोग के पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।