सोना-चांदी लुढ़के

By: Jan 28th, 2017 12:04 am

पीली धातु 400 , सफेद में 550 रुपए की बड़ी गिरावट

नई दिल्ली— वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में आई बड़ी गिरावट के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना लगातार दूसरे दिन टूटता हुआ 400 रुपए लुढ़ककर दो सप्ताह से ज्यादा के निचले स्तर 29150 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 550 रुपए का गोता लगाती हुई दो सप्ताह बाद 41 हजार से नीचे उतरकर 40950 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को भी पीली धातु में बड़ी गिरावट रही थी। हालांकि, गणतंत्र दिवस के मौके पर स्थानीय बाजार बंद रहने का कारण स्थानीय स्तर पर सोने पर दोगुना दबाव देखा गया। लंदन तथा न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 6.23 डालर टूटकर 11 जनवरी के बाद के निचले स्तर 1181.80 डालर प्रति औंस पर आ गया। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा भी 8.10 डालर फिसलकर 1181.70 डालर प्रति औंस के भाव बिका। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि डालर के मजबूत रहने से सोने पर दबाव है। साथ ही हाजिर में मांग कम रहने के कारण भी इसकी कीमतें गिरी हैं। लंदन में चांदी हाजिर भी 0.07 डालर फिसलकर 16.68 डालर प्रति औंस पर आ गई। स्थानीय स्तर पर सोने की जेवराती मांग कमजोर बनी हुई है। साथ ही वैश्विक दबाव होने से सोना स्टैंडर्ड 400 रुपए की गिरावट के साथ 11 जनवरी के बाद के निचले स्तर 29150 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतना ही टूटकर 29000 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी मजबूती से 24300 रुपए पर टिकी रही। चांदी में भी लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। चांदी हाजिर 550 रुपए फिसलकर 13 जनवरी के बाद के निचले स्तर 40950 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी वायदा 695 रुपए की गिरावट के साथ 40645 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। सिक्कों में टिकाव रहा। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमशः गत दिवस के 72 हजार तथा 73 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर रहे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App