56 श्रमिकों को मिलेंगे प्रधानमंत्री श्रम पुरस्कार

By: Jan 25th, 2017 12:04 am

नई दिल्ली— केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 के लिए प्रधानमंत्री श्रम पुरस्कार की घोषणा की जिसके अंतर्गत केंद्रीय, राज्यीय और निजी औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत 56 श्रमिकों को श्रम भूषण, श्रम वीर, श्रम वीरांगना, श्रमश्री और श्रम देवी के सम्मान से नवाजा जाएगा। वर्ष 2015 में सर्वोच्च श्रम रत्न सम्मान के लिए किसी को योग्य नहीं पाया गया है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने यहां बताया कि वर्ष 2015 में उल्लेखनीय कार्य के लिए 56 श्रमिकों को सम्मानित किया जाएगा। ये सम्मान 500 से अधिक श्रमिकों वाले केंद्रीय, राज्यीय और निजी औद्योगिक संस्थानों में श्रमिकों को उत्पादकता बढ़ाने के लिए असाधारण प्रदर्शन और योगदान तथा नवाचार एवं कार्यक्षेत्र में साहस तथा विषम परिस्थितियों में सूझबूझ के लिए प्रदान किए जाते हैं। वर्ष 2015 के लिए सर्वोच्च तथा प्रतिष्ठित श्रम रत्न सम्मान किसी को भी नहीं दिया जा रहा है। श्रम भूषण पुरस्कार के लिए चार श्रमिकों, श्रम वीर और श्रम वीरांगना के लिए 24 श्रमिकों और श्रमश्री तथा श्रम देवी पुरस्कार के लिए 28 श्रमिकों को चुना गया है। श्रम भूषण सम्मान के तहत विजेता को एक लाख रुपए नकद और प्रशस्ति पत्र, श्रम वीर एवं श्रम वीरांगना सम्मान के तहत 60 हजार रुपए नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App