आज बारिश को रहें तैयार

नौणी    —  आने वाले दिनों में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। कृषि सलाह सेवा इकाई नौणी विश्वविद्यालय ने आशंका व्यक्त की है कि इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती हैं, जबकि ऊंची पहाडि़यों पर बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं मंगलवार को नौणी का न्यूनतम तापमान चार डिसे व अधिकतम तापमान 21.4 डिसे रिकार्ड किया गया है। मंगलवार को दिन भर आसमान में घने बादल छाए रहे। दिन के समय बादल छाए रहने की वजह से मौसम भी काफी ठंडा रहा। इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। कृषि सलाह सेवा इकाई नौणी विश्वविद्यालय के अनुसार 15 फरवरी को ऊंची पहाडि़यों पर बर्फबारी हो सकती हैं, जबकि मध्यवर्गीय क्षेत्र व मैदानी क्षेत्रों में इस दौरान मौसम साफ रहेगा। इसी प्रकार 16 फरवरी को अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना व्यक्त क गई है। 17 फरवरी को मध्यवर्गीय पहाड़ी क्षेत्र व ऊंची पहाडि़यों पर कुछ स्थानों में बारिश व हलकी बर्फबारी हो सकती है। 18 से 20 फरवरी तक मैदानी व पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस दौरान ऊंची पहाडि़यों पर बर्फबारी भी हो सकती है। इन दिनों होने वाली बारिश नकदी फसलों के लिए सबसे अधिक लाभदायक बताई जा रही है। इन दिनों किसानों द्वारा मटर, टमाटर, गोभी सहित कई प्रकार की नकदी फसलें लगाई गई है। बारिश के बाद इन  फसलों के बंपर उत्पादन की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में भी यदि बारिश होती है तो गेहूं की फसल को इसका सबसे अधिक लाभ होगा। कृषि सलाह सेवा इकाई नौणी विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष डा. सतीश भारद्वाज का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा तथा इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है।