आज बैंकों में हड़ताल

By: Feb 28th, 2017 12:01 am

शिमला – ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज फेडरेशन  के आह्वान पर मंगलवार को प्रदेश में बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। बैंक कर्मचारियों की एकदिवसीय हड़ताल से समूचे प्रदेश में सहकारी व निजी बैंकों को छोड़कर सभी बैंकों में कामकाज ठप रहेगा। प्रदेश में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से एक दिन में 900 से एक हजार करोड़ रुपए के कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। प्रदेश बैंक इंप्लाइज फेडरेशन के सचिव पे्रम वर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार बैंकों पर अनावश्यक शर्तें थोप रही है। वहीं कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक  फैसला नहीं किया जा रहा है, जिसके विरोध में कर्मचारियों को मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। बैंक कर्मचारी एंटी पियूपल बैंकिंग, लेबर रिफोर्म, ट्रेड यूनियन राइट पर सरकार के हमले का विरोध कर रहे हैं। वहीं बैंक कर्मचारी लाभों में वृद्धि और फाइव-डे वीक की मांग कर रहे हैं। प्रदेश में एकदिवसीय हड़ताल में करीब 14 से 15 हजार कर्मचारियों के भाग लेने की उम्मीद जताई जा रही है।

राजधानी में होगा राज्य स्तरीय प्रदर्शन

बैंक कर्मचारी मंगलवार को शिमला के सीटीओ के समीप राज्य स्तरीय प्रदर्शन करेंगे। इसमें विभिन्न जिलों से भी बैंक यूनियन के पदाधिकारी व कर्मचारी भाग लेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App