उत्कृष्ट कार्यों में शिंगला महिला मंडल फर्स्ट

रामपुर बुशहर – रामपुर में पहली बार उत्कृष्ठ कार्यों के लिए विभिन्न पंचायतों के महिला मंडलों को सम्मान दिया गया। रामपुर में पंचायत समिति के सभागार में महिला मंडल प्रोत्साहन योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत गुरुवार को पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीपीएस नंदलाल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। सीपीएस नंदलाल ने महिला मंडल प्रोत्साहन के लिए प्रथम पुरस्कार महिला मंडल शिंगला को 20 हजार रुपए और जघोरी को दूसरे स्थान हासिल करने के लिए 16 हजार तथा बाहली को तीसरा स्थान प्राप्त करने पर 13400 रुपए, चौथा पुरस्कार कमलाऊ महिला मंडल को दिया गया, वहीं मुख्यातिथि ने लालसा की 90 वर्षीय माठी देवी को स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय के निर्माण के बाद 12 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। इस दौरान बीडीओ प्रताप चौहान ने मुख्यातिथि के समक्ष खंड विकास की उपलब्धियों के बारे में बताया। इसमें मनरेगा के तहत अप्रैल, 2016 से 31 जनवरी, 2017 तक दस करोड़ 88 लाख की राशि मजदूरों को मजदूरी के लिए दिया गया। इस वित्तीय वर्ष में 1128 कार्य मनरेगा में स्वीकृत किए गए थे, जिसमें 146 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 982 कार्य अभी भी प्रगति पर हैं। उसके अतिरिक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत रामपुर खंड को 7500 लाख रुपए को लक्ष्य आबंटित किया गया था, जो कि 31 जनवरी को पूरा किया जा चुका है। इसमें 33 समूहों को विभिन्न बैकों के माध्यम से ऋण स्वीकृत करवाया गया है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामपुर सतीश वर्मा,  प्रधान परिषद अध्यक्ष विरेंद्र भलूनी, विजय लक्ष्मी, इंदू बाला, सुशीला, सत्या कायथ, बीना, शीरू राम, राम कुमार, सत्यावान सहानी, वेदप्रकाश, महेंद्र सिंह, कृष्ण मंजटू के अलावा कई अन्य लोग उपस्थित रहे।