एवरेस्ट पर कत्थक करेंगी श्रुति

By: Feb 8th, 2017 12:06 am

आतंकवाद को चुनौती देंगी सोलन की होनहार नृत्यांगना

NEWSसोलन— सोलन की रहने वाली श्रुति गुप्ता एक और इतिहास रचने जा रही हैं। वह दुनिया की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट  पर कत्थक नृत्य करेंगी। इस कार्य को अंजाम देने के लिए वह एसएसबी के साथ मिलकर अभ्यास कर रही हैं। यदि इस उद्देश्य में कामयाब रहीं तो वह दुनिया की पहली कत्थक नृत्यांगना होंगी, जिन्हें एवरेस्ट पर नृत्य करने का गौरव प्राप्त होगा। जानकारी के अनुसार श्रुति गुप्ता पहले भी दुर्गम क्षेत्रों में कत्थक नृत्य कर  दुनिया भर में सुर्खियों में रही हैं। अक्तूबर 2016 में श्रुति गुप्ता ने भारतीय सेना के साथ मिलकर खरदुंगला की दुर्गम पहाडि़यों पर जाकर नंगे पांव कत्थक नृत्य किया था। माइनस 24 डिग्री सेल्सियस तापमान में श्रुति गुप्ता ने भारतीय लिबास में यह नृत्य किया था। इस साहसिक कार्य को दुनिया भर में सराहा गया। उनकी इस उपलब्धि को लिम्का बुक आफ रिकार्ड्स में भी दर्ज किया गया है। इसी प्रकार लद्दाख की सबसे ऊंची  बारालाचा सैनिक पोस्ट पर भी उन्होंने करीब सात मिनट कत्थक नृत्य किया। उनका यह साहसिक कार्य भी रिकार्ड में दर्ज है। श्रुति अब एक और साहसिक कार्य करने में जुटी हैं। श्रुति ने हाल ही में एसएसबी के महानिदेशक से विशेष मुलाकात की है। इसके बाद उन्हें एसएसबी का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। एसएसबी की सहायता से श्रुति दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंच कर कत्थक  करेंगी।  वह इन दिनों इस साहसिक कार्य के लिए अभ्यास कर रही हैं। इससे पहले कई बार वह अन्य ऊंची चोटियों पर पूर्वाभ्यास भी करेंगी। एवरेस्ट पर  कत्थक करने का मुख्य उद्देश्य आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाना है। वह इस नृत्य के माध्यम से दुनिया भर में फैले आतंक को चुनौती देंगी। श्रुति गुप्ता का कहना है कि उनके इस प्रयास से भारतीय सेना के हौसले भी बुलंद होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App