ऑस्ट्रिया में हुनर दिखाएंगे सोलन के तीन दिव्यांग

सोलन  —  स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड विंटर प्रतियोगिता में सोलन के तीन खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 25 मार्च को ऑस्ट्रिया में किया जाएगा। जिसमें जिला सोलन से भाग लेने वाले खिलाडि़यों में मेघा, महेश व संजय का चयन हुआ है। स्पेशल ओलंपिक भारत की को- चेयरपर्सन रश्मिधर सूद ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 14 से 25 मार्च तक स्पेशल ओलंपिक का आयोजन ऑस्ट्रिया में किया जा रहा है। इसमें प्रदेश भर से दिव्यांग खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड विंटर खेल प्रतियोगिता में लगभग नौ खेलों में अलग अलग स्पर्धाएं करवाई जाएंगी, जिसमें सोलन के मेघा अल्पाइन स्कीईंग, महेश अल्पाइन स्कीइंग व संजय स्नो बोर्ड प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडि़यों के बीच अपना दमखम दिखाएंगे। इसके अलावा प्रदेश की टीम में मेघा, शिवांजली, उषा, नजमा देवी, महेश, शुभम सिंह, कुनाल सूद, दीपक ठाकुर, रंजना कुमारी, राजिंद्र, कंचन देवी, जसविंद्र, संजय, ठाकुर दास, पूर्ण सिंह, संजय कुमार, ज्योति, राजेश कुमार, गीता पुरोहित, शिखा रानी सहित अन्य स्टाफ इन खिलाडि़यों के साथ मौजूद रहेगा। वार्ता के दौरान कोच ललिता, राधिका कपूर, मेघा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।   गौर हो कि पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में देश भर के कुल 126 खिलाडि़यों के लिए विशेष कैंप का आयोजन सात से 12 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा स्नो संबंधित खेलों के लिए 22 फरवरी से नारकंडा के कैंप आयोजित किया जाएगा।

सरकार नहीं करती खिलाडि़यों की मदद

स्पेशल ओलंपिक भारत की को- चेयरपर्सन रश्मिधर सूद ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांग खिलाडि़यों के लिए कोई आर्थिक मदद नहीं दी जाती है।

सोलन के तीन खिलाडि़यों को किया सम्मानित

सोलन से भाग लेने वाले तीन खिलाडि़यों को नगर परिषद अध्यक्ष अध्यक्ष पवन गुप्ता व अन्य सदस्यों को सम्मानित किया। वहीं यह तीनों खिलाड़ी प्रयास समाजसेवी संस्था से भी संबंध रखते हैं।