कहां खो गया नाहन का फुटबाल

By: Feb 1st, 2017 12:05 am

नाहन —  देश को नामी फुटबाल खिलाड़ी व दर्जनों की संख्या में फुटबाल कोच देने वाले नाहन शहर का फुटबाल भी समय के साथ-साथ इतिहास के पन्नों में सिमटता जा रहा है। देश को भूपेंद्र रावत जैसे नामी फुटबाल कोच देने वाले नाहन शहर में अब फुटबाल के खिलाडि़यों की रुचि लगातार कम होती जा रही है। नाहन का ऐतिहासिक चौगान मैदान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबाल खिलाडि़यों का गवाह बन चुका है तथा यहां पर सैकड़ों की संख्या में राज्य व राष्ट्रीय स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिताआें का आयोजन किया जा चुका है, परंतु अब हालत यह है कि नाहन का फुटबाल अब कहीं खो सा गया है। देश व प्रदेश को जगमोहन रमौल, नारायण स्वामी, सन्नू दा, बृजमोहन लाल, सोहन, राम सिंह नेपाली, प्रमोद चौहान, मास्टर भूपेंद्र सिंह, मंगत राम शर्मा, कंवर सत्यदेव सिंह, कंवर रामेश्वर, लायक राम, प्रेम, रवि शर्मा, बंसी लाल, ज्योति लाल, जगदीश लाल, मेवा लाल के अलावा दीपक शर्मा जैसे नामी फुटबालर देने वाले नाहन शहर के फुटबाल की मशाल पकड़ने वाले खिलाडि़यों की संख्या अब दिन-प्रतिदिन घटती जा रही है। किसी जमाने में नाहन शहर का बच्चा-बच्चा फुटबाल का शौकीन हुआ करता था। यहां तक कि जब ऐतिहासिक चौगान मैदान में फुटबाल का मैच होता था तो नाहन का अधिकांश बाजार बंद हो जाता था। 1970 के दशक में नाहन शहर में फुटबाल चरम पर था। नाहन के फुटबाल खिलाड़ी भूपेंद्र रावत का चयन अंतरराष्ट्रीय फुटबाल खेलने के लिए हुआ। इसके अलावा नाहन में छोटे बच्चों की एक फुटबाल प्रतियोगिता रजत मेमोरियल का भी आयोजन होता था, जिसमें 40 से अधिक टीमें भाग लेती थी। इस प्रतियोगिता में प्रतिवर्ष 600 से 700 जूनियर खिलाड़ी भाग लेते थे। वर्तमान में नाहन शहर के अढ़ाई दर्जन एनआईएस फुटबाल कोच प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में फुटबाल की बारीकियां सिखा रहे हैं। फुटबाल के तत्त्कालीन मशहूर खिलाड़ी सुभाष शर्मा, बजरंग देव सिंह तोमर, कंवर नरेंद्र, धनराज स्वामी, शिवराज शर्मा, प्रताप थापा, नरेंद्र थापा, कंवर तेजवीर सिंह, दीपक शर्मा, कुलीन शर्मा, राजेश पाल, मुकेश मल्होत्रा, अविनाश मल्होत्रा, कंवर समरवीर, अनुज शर्मा, संजीव शर्मा, मोहम्मद इकराम आदि फुटबाल कोच ऐसे हैं जिन्होंने प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर फुटबाल का नाम कमाया है।

फुटबाल योगदान को भुलाया नहीं जा सकता 

ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन में हाल ही में बतौर सदस्य मनोनीत प्रदेश के जाने माने फुटबाल कोच व हिमाचल प्रदेश फुटबाल एसोसिएशन के महासचिव दीपक शर्मा की नाहन शहर के लिए फुटबाल के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। दीपक शर्मा द्वारा नाहन में ऑल इंडिया राकेश मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट का 14 वर्षों तक सफल आयोजन किया गया। इसके अलावा कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी नाहन में आयोजित की गई तथा लड़कियों की फुटबाल प्रतियोगिता भी दीपक शर्मा के मार्गदर्शन में नाहन में आयोजित हुई। यही नहीं राष्ट्रीय स्तर का फुटबाल रैफरी कैंप भी नाहन में आयोजित किया गया था। आज नाहन के फुटबाल प्रेमी शहर के इस ऐतिहासिक खेल को लेकर चिंतित हैं कि नाहन शहर का फुटबाल आखिर कहां खो गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App