कोटला कलां में आज से बहेगी ज्ञान गंगा

ऊना —  श्रीराधाकृष्ण मंदिर कोटला कलां में विशाल धार्मिक वार्षिक समारोह का आयोजन पहली फरवरी से होगा। 12 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक समागम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वार्षिक समारोह का शुभारंभ बुधवार को राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के कर कमलों से किया जाएगा। पहली से पांच फरवरी तक जहां विभिन्न प्रसिद्ध भजन गायक श्रद्धालुओं को कृष्णमयी भजनों से निहाल करेंगे, वहीं छह से 12 फरवरी तक विश्व प्रसिद्ध शांतिदूत एवं कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करवाएंगे। उत्तरी भारत के विभिन्न राज्य पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ सहित अन्य राज्यों के श्रद्धालू बाबा बाल जी आश्रम में पहुंचना शुरू हो गए हैं। पहली से पांच फरवरी तक भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें लुधियाना के भजन गायक कर्ण शमा श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के भजनों से मंत्रमुग्ध करेंगे। दो फरवरी को चंडीगढ़ से दिव्य चैनल की मशहूर भजन गायिका सीमा अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। चार फरवरी को विशाल व भव्य शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। राष्ट्रीय संत बाबा बाली जी महाराज के नेतृत्व में निकलने वाली यह विशाल शोभायात्रा श्रीराधाकृष्ण मंदिर से शुरू होगी, जो कि ऊना शहर की प्रक्रिया करने के बाद वापस मंदिर स्थल में ही समाप्त होगी। पांच फरवरी को विश्व प्रसिद्ध भजन गायक चित्र-वचित्र (वृंदावन वाले) की जोड़ी भगवान के भजनों से श्रद्धालुओं को निहाल करेगी। इसके बाद छह फरवरी से विश्व प्रसिद्ध कथावाचक व शांतिदूत देवकीनंदन ठाकुर जी 12 फरवरी तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान श्रद्धालुओं को करवाएंगे। इस दौरान कथास्थल में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लंगर का विशेष प्रबंध है।