खाई में जा समाया ट्रक, ड्राइवर की मौत

सुबाथू —  सुबाथू के समीप नयानगर में एक ट्रक के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। ट्रक बोरवेल की पाइपें लेकर जा रहा था। जानकारी के अनुसार बोरवेल पाइपों से भरा एलपी ट्रक (एचआर 47बी-7799) हिसार से सुबाथू आ रहा था और सुबाथू-धर्मपुर मार्ग पर नयानगर गांव में मोड़ काटते समय ड्राइवर गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और सुबह करीब पौने छह बजे लगभग 150 फुट गहरी खाई में जा गिरा। ड्राइवर की पाइपों के नीचे दबने से मौत हो गई। चालक की पहचान सतवीर (50) पुत्र दीवान सिंह के रूप में हुई है और चालक हिसार तहसील व  जिला हिसार के गांव साथरथ रोड कला का निवासी था। इस बारे में सुबाथू पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और शव पोस्टमार्टम के लिए सोलन भेज कर परिजनों को सूचित कर दिया है।

विवाहिता की मौत

सोलन – शहर के मॉलरोड पर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के  परिवार ने वर पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पंजाब के फतेहगढ़ की मृतका की अप्रैल, 2016 में सोलन में शादी हुई थी। मायकेवालों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को बार-बार दहेज प्रताड़ना का शिकार होना पड़ता था। उन्होंने बताया कि दहेज प्रताड़ना कोे लेकर उनकी बेटी के साथ मारपीट भी की जाती थी, जिसके चलते उक्त महिला की चंडीगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती भी करवाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। इस मामले पर पुलिस ने वर पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।  एएसपी मनमोहन सिंह ने बताया कि दहेज प्रताड़ना पर पुलिस ने 304बी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।