खुराणी को मिला सामुदायिक भवन

स्वारघाट —  कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन के निर्माण कार्य से स्वारघाट की री पंचायत को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है और प्रदेश सरकार के नेता ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करने की बजाय फोरलेन कंपनियों को डरा-धमका कर अपना उल्लू सीधा कर रहे हैं। अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्हें जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। यह बात गुरवार को नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने विकास खंड नयनादेवी की ग्राम पंचायत री के गांव खुराणी में गुरुवार को एक लाख 90 हजार की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन के लोकार्पण के दौरान कही। इससे पूर्व खुराणी के ग्रामीणों ने विधायक रणधीर शर्मा का कार्यक्रम में पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ  जोरदार स्वागत किया और विधिवत रूप से पूजा-अर्चना करने के बाद नवनिर्मित सामुदायिक भवन को जनता को समर्पित किया। इस दौरान विधायक के साथ भाजपा एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल व जिला महामंत्री राम कुमार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक रणधीर शर्मा ने खुराणी गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए  कांग्रेस नेताओं पर जुबानी  हमला  बोला और कहा कि सरकार के कैबिनेट रैंक के मंत्री रामलाल ठाकुर आए दिन नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र में दौरे कर लोगों की बिजली और पानी से संबंधित समस्याएं सुनते हैं।  उनका आरोप है कि रामलाल ठाकुर केवल समस्याओं को सुनने का काम करते हैं उन्हें हल करने की जरा भी कोशिश नहीं करते। अगर रामलाल ठाकुर जनता के हितैषी होते तो ग्रामीणों को इन समस्याओं से जूझना नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि फोरलेन कार्य के दौरान री पंचायत के कई गांवों में लोगों के घरों में दरारें तो कई घरों को खतरा पैदा हो गया है। फोरलेन कंपनियों ने पंचायत की सड़के भी अस्त व्यस्त कर दी गई है। कैंचीमोड़ में बन रही टनल से ऊपरी गांव में सभी प्राकृतिक जल स्रोत व हैंडपंप सूख गए हैं तो वहीं टनल से निकल रहे गंदे केमिकल वाले पानी को पीकर ग्रामीणों के मवेशी मर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता में फोरलेन कंपनियों के साथ-साथ कांग्रेस सरकार के प्रति काफी रोष व्याप्त है। इस अवसर पर खुराणी सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भूमि दान देने पर स्थानीय ग्रामीण सुखदेव सिंह ठाकुर को रणधीर शर्मा ने विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक भाजयुमो के जिला महामंत्री पुनीत शर्मा, नयना देवी मंडल के अध्यक्ष कैप्टन चौधरी राम, भाजयुमो नयना देवी मंडल के महामंत्री राम चौधरी, स्वारघाट की बीडीसी चेयरमैन हिमा देवी, प्रधान ग्राम पंचायत री कल्पना शर्मा, उपप्रधान ग्राम पंचायत स्वाहण चंद्रशेखर ठाकुर, खुराणी के बूथ अध्यक्ष देवी राम ठाकुर, डडवाल बूथ के अध्यक्ष बलबीर ठाकुर, ठाकुर दास आदि ने भाग लिया।