जोत मार्ग पर दौड़े छोटे वाहन

By: Feb 1st, 2017 12:05 am

चंबा —  बर्फबारी के कारण बंद चंबा-चुवाड़ी वाया जोत मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। सोमवार शाम से जोत मार्ग पर छोटे वाहनों ने सरपट दौड़ना आरंभ कर दिया है। हालांकि परिवहन निगम व निजी बस आपरेटर अभी तक जोत मार्ग से बसें भेजने का जोखिम उठाने से गुरेज कर रहे हैं। जोत मार्ग पर छोटे वाहनों की आवाजाही आरंभ होने से बर्फ  में कैद गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। उधर, लोक निर्माण विभाग ने जोत मार्ग पर सुबह-शाम तापमान में गिरावट के चलते बर्फ  के जमने से मार्ग फिसलन बढ़ने के चलते चालकों से ड्राइविंग करते वक्त एहतियात बरतने को कहा है। लोक निर्माण विभाग ने इस मर्तबा रिकार्ड समय में मार्ग पर जमी बर्फ  को हटाकर यातायात बहाल किया है। जोत मार्ग पर यातायात बहाल होने से अब लोगों को बनीखेत के करीब तीस किलोमीटर लंबे सफर से भी निजात मिल गई है। जानकारी के अनुसार चंबा- जोत मार्ग पर भारी बर्फबारी के कारण पिछले बीस दिनों से यातायात ठप पड़ा हुआ था। बर्फ  होने के चलते जोत मार्ग पर दौड़ने वाली बसों को वाया बनीखेत भेजा जा रहा था। लोक निर्माण विभाग ने बर्फबारी का दौर थमते ही मार्ग से बर्फ  हटाने का काम युद्ध स्तर पर छेड़ा दिया था। लोक निर्माण विभाग ने चंबा से जोत तक के मार्ग से बर्फ  को हटाकर सोमवार को यातायात बहाल करने में कामयाबी हासिल कर ली है। वाहनों की आवाजाही आरंभ होने से जोत मार्ग पर पड़ने वाले दर्जनों गांवों का संपर्क भी पुनः शेष विश्व से जुड़ गया है। मार्ग खुलने के बाद बर्फ  में अठखेलियां करने को लेकर लोगों ने जोत का रुख करना भी आरंभ कर दिया है।

सेब की बंपर फसल की उम्मीद

चंबा-जिला में बंपर बर्फबारी ने भरमौर, तीसा व सलूणी में सेब की बंपर फसल की उम्मीद ने बागबानों के चेहरे पर खुशी लौटा दी है। बागबानों का तर्क है कि बर्फबारी से सेब के पौधों के चिलिंग आवर पूरे हो गए हैं। ऐसे में आगामी सीजन में सेब की बंपर फसल होने की उम्मीद है। बागबानों का तर्क है कि चार माह के ड्राई स्पैल से सेब की फसल को होने वाले नुकसान की बर्फबारी ने कमी पूरी कर दी है। बर्फबारी का दौर थमते ही बागबानों ने बागीचों का रुख कर लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App