टाटा सूमो गिरी केरल के सैलानी की मौत

मनाली— पर्यटन नगरी मनाली के कोठी के पास एक टाटा सूमो  खाई में जा गिरी, जिसमें एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं और पांच अन्य लोगों  को हल्की चोटें आई हैं। सूमो में चालक समेत आठ पर्यटक सवार थे।  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को केरल  के पर्यटक टाटा सूमो में कोठी की तरफ घूमने निकले थे। कोठी के पास टाटा सूमो  चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सौ फुट गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे में चालक और एक महिला पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए मनाली      अस्पताल में भर्ती किया गया है। एसएचओ मनाली केडी शर्मा ने बताया कि हादसे में राम नाथ(21) निवासी जिला सानूर केरल की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि चालक कुंज लाल पुत्र जिंदू राम शनाग, केरला के ही दो पर्यटक अनुपमा और जतिन को मामूली चोटें आई हैं। ये सभी पर्यटक केरला के इंजीनियरिंग कालेज के छात्र हैं। इनका ग्रुप मनाली घूमने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गाड़ी पेड़ से न अटकती तो भारी नुकसान हो सकता था। थाना प्रभारी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि  शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घायलों का उपचार करवाया जा रहा है।   चालक  पर लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। तहसीलदार हरीश शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों और घायलों को फौरी राहत प्रदान की जा रही है।