देवों के देव महादेव

घुमारवीं – आया-आया त्योहार आया… शिवरात्रि का त्योहार आया। देवों के देव भगवान महादेव के महापर्व महाशिवरात्रि के लिए जिला बिलासपुर के मंदिर सज गए हंै। जिला भर में शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। हर-हर महादेव के जयकारों से शिवालय गूंजयमान रहेंगे। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहेगी। शाम को मंदिरों में भजन-कीर्तनों से माहौल शिवमय रहेगा। शिव मंदिरों में घोटा का प्रसाद भी श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा। मंदिरों में चार पहर की पूजा व अखंड यज्ञ भी होंगे। व्रत के अगले दिन मंदिरों में भंडारों का आयोजन होगा। महाशिवरात्रि पर्व के लिए शिवभक्त शिवालयों को फूल मालाओं से सजा व संवार रहे हैं। महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान शिव की आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएंगी। घुमारवीं बाजार में स्थित शिव मंदिर, श्री द्वादश ज्योर्तिलिंग शिवधाम मंदिर पन्याला, कपाहड़ा, बद्धाघाट शिव मंदिर, लढ़यानी शिव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भगवान महादेव के अभिषेक के लिए उमड़ने वाली भीड़ को लेकर विशेष व्यवस्था की गई। पन्याला मंदिर के महंत श्री श्री 108 बाबा धर्मवीर व घुमारवीं शिव मंदिर के पुजारी रमेश शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फाल्गुन कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को आने वाला यह व्रत इस साल 24 फरवरी (शुक्रवार) को होगा। महत्ता है कि इस दिन व्रत रखने से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं। उपवासक की मनोकामना पूरी करते हैं। महाशिवरात्रि के इस व्रत को सभी स्त्री, पुरुष, बच्चे, युवा व वृद्ध रखते हैं। व्रत रखने पर शिवपूजन, रुद्राभिषेक, शिवरात्रि कथा, शिव स्रोतों का पाठ व ओम नमः शिवाय का पाठ करते हुए रात को भजन-कीर्तन करने से अश्वमेघ यज्ञ के समान फल प्राप्त होता है।