पद्म पुरस्कार

By: Feb 1st, 2017 12:07 am

cereerपद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक हैं। ये पुरस्कार, विभिन्न क्षेत्रों जैसे कला, समाज सेवा, लोक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरी, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेलकूद, सिविल सेवा इत्यादि के संबंध में प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर उद्घोषित किए जाते हैं तथा सामान्यतः मार्च/अप्रैल माह में राष्ट्रपति भवन में आयोजित किए जाने वाले सम्मान समारोहों में भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए जाते हैं।

कौन करता है सिफारिश

पद्म पुरस्कारों की सिफारिश राज्य सरकार/संघ राज्य प्रशासन, केंद्रीय मंत्रालय/विभाग के साथ साथ उत्कृष्टता संस्थानों आदि से प्राप्त की जाती है। इसके बाद एक समिति इन नामों पर विचार करती है। पुरस्कार समिति जब एक बार सिफारिश कर देती है फिर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और राष्ट्रपति इस पर अपना अनुमोदन देते हैं और इसके बाद गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इन सम्मानों की घोषणा की जाती है।

पद्म विभूषण – पद्म विभूषण सम्मान भारत सरकार द्वारा दिया जाने वाला दूसरा उच्च नागरिक सम्मान है, जो देश के लिए असैनिक क्षेत्रों में बहुमूल्य योगदान के लिए दिया जाता है।  इस सम्मान की स्थापना 2 जनवरी, 1954 में की गई थी। ‘भारत रत्न’ के बाद यह दूसरा प्रतिष्ठित सम्मान है।

पद्मविभूषण पद्म पुरस्कारों में सर्वोच्च होता है। इस सम्मान में पुरस्कार स्वरूप 1-3/16 इंच का कांसे का एक बिल्ला मिलता है। इसके केंद्र में एक कमल का फूल होता है। इसमें सफेद रंग में फूल की पत्तियां होती हैं। इस फूल के ऊपर नीचे पद्म विभूषण लिखा होता है। वहीं इस बिल्ले के पिछले हिस्से में अशोक चिन्ह बना होता है।

पद्म भूषण – पद्म भूषण भारत सरकार द्वारा दिया जाने वाला तीसरा सर्वोच्च सम्मान है, जो देश के लिए बहुमूल्य योगदान के लिए दिया जाता है। इस सम्मान में भी कांसे का बिल्ला दिया जाता है जो 1-3/16 इंच का होता है। इसमें भी बीच में कमल का फूल बना होता है जिसकी तीन पत्तियां इसे घेरे रहती हैं। इस फूल के ऊपर नीचे पद्मभूषण लिखा रहता है।

पद्म श्री- पद्म श्री भारत सरकार द्वारा आम तौर पर सिर्फ भारतीय नागरिकों को दिया जाने वाला सम्मान है जो जीवन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे कि कला, शिक्षा, उद्योग, साहित्य, विज्ञान, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा और सार्वजनिक जीवन आदि में उनके विशिष्ट योगदान को मान्यता प्रदान करने के लिए दिया जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App