बाइक स्किड; एक जख्मी, पीजीआई रैफर

अंब – अंब थाना के अंतर्गत पीएनबी बैंक में कार्यरत एक कर्मचारी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। कर्मचारी को उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रैफर किया गया है, वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार राहुल बक्कल निवासी बिलासपुर टिक्कर देहरा, कांगड़ा बुधवार रात को बाइक पर सवार होकर कुठेड़ा-खैरला मार्ग पर जा रहे थे। इस दौरान अचानक ही उनकी बाइक स्किड हो गई, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र अंब में पहुंचाया। हालांकि इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा 108 नंबर एंबुलेंंस को भी सूचित किया गया, लेकिन न ही गगरेट और न ही अंब में उन्हें एंबुलंेस मिल पाई। बताया जा रहा है कि एक जगह से तो लोगों को यह सुनने मिला है कि एंबुलेंस यहां पर नहीं है। दूसरे स्थान पर पता कर लो, लेकिन लोगों को दूसरी जगह से भी एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल पाई। मौके पर तैनात स्थानीय निवासी मुलकराज सहित अन्य स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अंब स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां पर घायल को उपचार देने के बाद ऊना अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। यहां से भी घायल को पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रैफर कर दिया गया है। उधर, एसएचओ मोहन रावत ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।