भोले के दरबार आज लगेगी भक्तों की कतार

शिमला  —  राजधानी शिमला आज ओम नमः शिवाय के स्वर से गुजेंगी। राजधानी में यह महाशिवरात्रि का पर्व बडे़ ही धूम-धाम और श्रद्धा, आस्था के साथ मनाया जाएगा।   इसे लेकर तैयारियां  शहर के शिव मंदिरों में कर ली गई हैं। इस महाशिवरात्रि पर्व के लिए राजधानी सहित उपनगरी के देवालयों को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। मंदिरों में इस पर्व के लिए सजा दिया गया है। मंदिरों में इस दिन के लिए खास इंतजाम किए गए हैं, जिसमें दिन भर देवालयों में जलाभिषेक और शिव स्तुति के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी, वहीं शहर में भजन मंडलियां भी शिव भोले का भजन करेंगी। शिवरात्रि के इस पावन और धार्मिक पर्व पर साधक व्रत उपवास करके ही शिव की कृपा दृष्टि प्राप्त कर सकते हैं। इस व्रत को करने से भोले शंकर अपने भक्तों के श्रद्धा भाव मात्र से ही खुश होकर उन्हें सुखस्मृद्धि का वरदान देते हैं। शिवरात्रि पर व्रत का विधान है, जो भी उपासक इस दिन पर व्रत कर भगवान शिव की पूजा-अराधना करते हैं उनसे प्रसन्न हो कर भोले के भक्तों को मनचाहा वरदान देते हैं।  इस दिन व्रत करने व भगवान शिव की पूजा करने पर शास्त्रों के अनुसार एक हजार गुना अधिक फल मिलता है। महाशिवरात्रि भगवान शंकर का सबसे पवित्र दिन है। इस व्रत को करने से सब पापों का नाश होता है। राजधानी शिमला में मिडल बाजार में स्थित शिवालय शहर का सबसे पुराना और प्रसिद्ध मंदिर है। शिवरात्रि पर मंदिर में भगवान शिव की विशेष पूजा अराधना करने के साथ ही जलाभिषेक का भी विशेष प्रावधान किया गया है। मंदिर में शुक्रवार सुबह चार बजे ही पुजा होगी, जिसके बाद भक्तों के लिए मंदिर खोला जाएगा।  यहां शिवलिंग पर जल चढ़ाने के साथ ही बेल पत्र और फूल भी शिवलिंग पर चढ़ाने के लिए भक्तों को दिए जाएंगे। इसके अलावा शहर में लिफ्ट, राम बाजार, कालीबाड़ी मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर भी लोग जलाभिषेक करेंगे।

शहर में जगह-जगह बंटेगा भोले का प्रसाद

महाशिवरात्रि पर्व के लिए शहर में जगह-जगह भोले का प्रसाद बांटा जाएगा। इसमें पकौड़े और खीर का प्रसाद श्रद्धालुओं में बांटा जाएगा।

इस तरह करें शिव की उपासना

शिवरात्रि पर भगवान शिव के शिवलिंग स्वरूप पर जलाभिषेक करने के साथ ही बिल पत्र धतूरे के पुष्प, चावल, अक्षक और भस्म डाल कर भगवान शिव की पूजा करने से भगवान शिव प्रसन्न होकर मनवांच्छित फल प्रदान करते हैं।

ऊपरी शिमला में खास रहेगा पर्व

शिवरात्रि के इस पर्व को वैसे तो प्रदेश भर में धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन ऊपरी शिमला में इस पर्व को खास तरिके से मनाया जाता है। इस दिन पर घरों में तरह- तरह के पकवान तैयार किए जाते हैं।