मंडी शिवरात्रि के कार्ड पर ‘लिखणू’

अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में इंडोनेशिया के कलाकार मचाएंगे धमाल

मंडी— अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव पर राजदेवता माधोराय की प्रथम जलेब की अगवाई मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे, जबकि समापन पर निकलने वाली जलेब में राज्यपाल आचार्य देवव्रत शामिल होंगे। महोत्सव में इस बार मुंबई व पंजाबी स्टार कलाकारों के साथ इंडोनेशिया के कलाकार भी धमाल मचाएंगे। महोत्सव के लिए विशेष रूप से इंडोनेशिया के सांस्कृतिक दल को बुलाया गया है। यह दल तीन दिन तक प्रस्तुति देगा, वहीं महोत्सव के निमंत्रण पत्र को इस बार भी मंडयाली भाषा में ‘नयूंद्रा’ का नाम दिया गया है। पिछले वर्ष जहां कार्ड पर मंडी कलम को जगह मिली थी, वहीं इस बार मंडी के घरों में प्रयोग होने वाली प्राचीन कला लिखणू को जगह दी गई है। मंडी के घरों में प्राचीन समय में हाथ से दीवारों, फर्श और अन्य जगहों पर महिलाओं द्वारा बनाए जाने वाले इन डिजाइन को कार्ड पर दर्शाया गया है। शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित एक पत्रकार वार्ता में उपायुक्त मंडी ने बताया कि शिवरात्रि मेले कीमध्य 28 फरवरी को निकलने वाली जलेब में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर शिरकत करेंगे। मंडी जनपद के बड़ादेव कमरूनाग मंडी शिवरात्रि में भाग लेने के लिए अपने स्थान से रवाना हो चुके हैं। इसके अलावा जनपद के अन्य देवता भी मंडी शिवरात्रि में शामिल होने के लिए रवाना होने वाले हैं। महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस बार भी शिवरात्रि के निमंत्रण पत्र नयूंद्रा पर प्राचीन कला लिखणू को दर्शाया गया है।