मनाली के हामटा में इग्लू

साहसिक  गतिविधियों से जुड़े विकास-टशी ने कर दिखाया कमाल

मनाली— मन में कुछ करने का जज्बा हो तो  कठिन परिस्थितियों के बीच भी सफलता  हासिल होती है। ऐसा ही कुछ जज्बा बचपन से साहसिक गतिविधियों से जुड़े विकास कुमार व टशी दोरजे ने  दिखाया है। पर्यटन को एक नया मोड़ देते हुए इन दोनों युवाओं ने महज 20 दिन के भीतर पर्यटन स्थल हामटा में दो इग्लू यानी बर्फ के घर  तैयार किए हैं, जिन्हें देखने के लिए भारी संख्या में स्थानीय लोगों का तांता लगा है। सोशल मीडिया पर भी सैलानी  इग्लू  की चर्चा कर रहे हैं। यह नार्वे व ग्रीनलैंड में बने इग्लू का अहसास दिला रहा है। इसे सैलानी बेहद पंसद कर रहा है। दोनों युवाओं की मानें तो सैलानी  इसमें ठहरने के लिए उनसे संपर्क बनाए हुए हैं। विकास कुमार की मानें तो लोगों को यहां ट्रैकिंग के दौरान टैंट के बजाय इग्लू में ठहरने की सुविधा देना चाहते हैं। इसीलिए उन्होंने इस बार दो इग्लू  तैयार किए हैं। इनमें दो बैडरूम बनाए गए हैं, जहां रहने की सभी सुविधाएं हैं। इसी के साथ इग्लू से हटकर रसोईघर भी तैयार किया गया है। विकास ने कहा कि इसे आर्थिक उदेश्य से नहीं बल्कि ट्रैवलिंग पर निकले युवाओं लिए खासतौर पर तैयार किया गया है।

सैलानियों को पसंद

सैलानियों के लिए भी इग्लू आकर्षण का केंद्र बने हैं। वे इसके साथ फोटो लेने व  इसके  अंदर बैठने का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।  विकास कुमार की मानें तो प्रशासन के सहयोग के बाद ही पर्यटन की दृष्टि से इसे उभारा जाएगा। विकास के अनुसार उन्हें इग्लू तैयार करने में महज 20 दिन लगे।