महंगी पड़ गई पिकनिक..दो लाड़लों की मौत से हिला हमीरपुर

By: Feb 12th, 2017 12:07 am

newsसुजानपुर  – जिला मंडी के बरोट में हुए कार हादसे में सुजानपुर के एक युवक की मौत हो गई। मृतक अशोक कुमार पुत्र मुंशी राम ग्राम पंचायत डेरा के गांव टीहरा का रहने वाला था। वह मंडी में अपने बड़े भाई के साथ दवाई की एक कंपनी में काम करता था। अशोक मंगलवार को अपने घर से ड्यूटी पर गया था। अशोक व उसका बड़ा भाई सुनील दोनों ही मंडी में कार्य करते थे। दोनों भाई अविवाहित हैं। मृतक अशोक अपने भाई से करीब तीन साल छोटा था। अशोक की मौत की खबर शनिवार सुबह 11 बजे मिली। मौत की समाचार सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। नौजवान युवक की मौत से पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया है। छोटे भाई की मौत की सूचना भी घरवालों को बड़े भाई ने ही दी। उसने बताया कि अशोक व अन्य चार युवक कार में सवार होकर बरोट गए थे। कार शुक्रवार रात गहरी खाई में गिर गई, जिस कारण सभी की मौत हो गई है। अशोक की बहन की पहले ही मौत हो चुकी है। पिता निजी कंपनी में सेवाएं देने के बाद अब घर पर हैं। माता गृहिणी है। बहरहाल, अशोक की मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया है। मृतक का अंतिम संस्कार रविवार को होगा। प्रधान विजय गौतम ने युवक की मौत पर दुख प्रकट किया है।

newsभोरंज  – जिला मंडी के बरोट में हुए सड़क हादसे में बलोखर गांव के अमित शर्मा की मौत हो गई है। अमित शर्मा एक निजी कंपनी में एमआर का काम करता था। इकलौते बेटे की मौत से परिजन सदमे में हैं। माता सानो देवी व पत्नी मोनिका का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को यकीन नहीं हो रहा कि उनका नौजवान बेटा अब इस दुनिया में नहीं है। अमित शर्मा का चार वर्ष का बेटा अरव अपने पिता अमित शर्मा के बारे में पूछ रहा है। घर के गमगीन माहौल को देखकर बेटा समझ नहीं पा रहा कि आखिर क्या हुआ है। जानकारी के अनुसार अमित शर्मा अपने दोस्तों के साथ बरोट गया था। बरोट के पास हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। इनमें उपमंडल भोरंज के बलोखर गांव का अमित शर्मा (33) भी शामिल है। अमित शर्मा के पिता सरकारी अस्पताल में एमपीडब्ल्यू के पद पर तैनात हैं। माता सानो देवी गृहिणी हैं। कुछ वर्ष पहले ही अमित शर्मा की शादी मोनिका के साथ हुई थी। बहन की शादी हो चुकी है। पंचायत नंधन के उपप्रधान विक्रम शर्मा ने बताया कि बलोखर के अमित शर्मा की मौत हो गई है। गांववासी शव को घर लाने के लिए बरोट रवाना हो गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App