लाहुल में बफबारी, लोग तंग

केलांग —  इस बार लाहुल-स्पीति में जमकर हुई बर्फबारी के बाद यहां लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो  गया है। वहीं, रास्तों में आए ग्लेशियर के चलते यहां मार्ग जिला के अंदर के सभी बंद पड़े हुए हैं। वहीं, दो दिन से घाटी में फिर से शुरू हुई बर्फबारी के बाद लोग फिर से परेशान हो उठे हैं। हालांकि पिछले करीब एक सप्ताह तक मौसम जिला में साफ रहा। ऐसे में लोग घरों से बर्फ हटाने में जुटे रहे। पिछले तीन दिनों से बिगड़े मौसम के चलते लोग परेशान हो गए हैं।  मंगलवार को भी लाहुल में सुबह से लेकर देर शाम तक बर्फबारी होती रही। दिनभर लोग घरों में दुबके रहे। वहीं, इंटरनेट सुविधा भी ठप हो जाने के चलते यहां सरकारी विभागों में काम भी प्रभावित रहे।   स्थानीय  निवासियों अमर देव, सुख देव, संगीता शाशनी, बलदेव ठाकुर,  नील चंद, जयराम ठाकुर का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में लाहुल में फागली उत्सव भी शुरू होने वाला है। लोग एक गांव से दूसरे गांव फागली उत्सव की बधाई देने जाते हैं, लेकिन इस बार रास्तों में बर्फ इतनी अधिक है कि लोग अपने घरों से कहीं आ-जा नहीं सकते हैं। पिछले तीन दिनों से खराब हुए मौसम ने एक बार उनके त्योहार में खलल डाल दिया है। वहीं, इस बार बीआरओ ने भी उन्हें काफी अधिक परेशान किया है। बीआरओ के अधिकारी जिला के अंदर संपर्क मार्ग को खोलने में देरी कर रहे हैं। तांदी व सटींगरी के आसापास काफी अधिक ग्लेशियर आए हैं, जहां पर लोग जिला मुख्यालय तक रास्ता बंद होने के चलते अपने गांव से  नहीं जा पा रहे हैं। बीआरओ ने जो मशीनें बर्फ को हटाने के लिए लगाई हैं  वे रास्ते में ही हांफ चुकी हैं, जिन्हें ठीक करने में भी बीआरओ अभी तक ढील   बरते हुए है। स्थानीय लोगों ने फागली उत्सव के चलते बीआरओ के अधिकारियों से जल्द से जल्द जिला के सभी संपर्क मार्ग को खोलने की गुहार लगाई है