सत महाजन का सपना जल्द होगा साकार

नूरपुर —  नूरपुर हलके के विधायक अजय महाजन ने रविवार को  फिन्ना सिंह  सिंचाई परियोजना के सदवां में करीब 38 लाख की लागत से बने मंडल कार्यालय का उद्घाटन किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि  फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना का निर्माण कार्य पूरा होने पर इस क्षेत्र में हरित क्रांति आएगी ।  क्षेत्र में 205 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सिंचाई परियोजना के पूरा होने पर इस क्षेत्र की लगभग 4025 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी व 70 गांवों की जनता को लाभ होगा।  करीब 60 करोड़ की लागत से बनने वाले डैम का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि इस सिंचाई परियोजना के लिए प्रदेश सरकार ने 10 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं, जबकि शेष बजट भी जल्द ही उपलब्ध करवाया जाएगा। फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना उनके पिता स्व. सत महाजन का सपना था, जो अब साकार होने जा रहा है। इस अवसर पर फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना अधिशाषी अभियंता बीबी गोयल, सहायक अभियंता जीवन प्रकाश, महेंद्र सिंह, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा, पंचायत प्रधान सदवां शालिनी व ब्लॉक कांग्रेस नूरपुर के प्रवक्ता विशाल शर्मा सहित  राजेश टोनी, एमएल कौंडल तथा ध्रुव सिंह भड़वाल आदि मौजूद थे।