ग्रामीण को लगी शिकारी की गोली

परवाणू के पास हादसा; मौके पर तोड़ा दम, आरोपी गिरफ्तार

परवाणू – परवाणू के पास झघाटनाला में एक व्यक्ति की शिकारी की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने गोली चलाने वाले शिकारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी की बंदूक भी कब्जे में ले ली गई है। जानकारी के अनुसार मझोल गांव के रहने वाले घनश्याम दत्त ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसका चचेरा भाई कविराम गुरुवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पानी की पाइप जोड़ने के लिए झघाटनाला गया था। इसी दौरान रोशन लाल निवासी गांव टकरोटा भी शिकार खेलने के लिए गया हुआ था। शिकारी रोशन लाल की बंदूक से निकली गोली 50 वर्षीय कविराम को लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परवाणू पुलिस की टीम झघाटनाला स्थित घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से कई साक्ष्य भी बरामद किए हैं। पुलिस ने गोलीकांड के आरोपी रोशन लाल के विरुद्ध आईपीसी की धारा 304 तथा आर्म्स एक्ट 25/54/59 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कविराम का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस गोलीकांड की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरफ फैल गई और पूरा गांव चीखों से गूंज उठा। इस गोलीकांड के बाद यह बात भी साबित हो गई है कि परवाणू के साथ लगते जंगल में रहने वाले वन्य प्राणी भी सुरक्षित नहीं हैं। इस क्षेत्र में शिकारी जंगली जानवरों को अपना शिकार बना रहे हैं। आए दिन जंगलों में शिकर के मामले सामने आ रहे हैं और इन पर रोक लगने की बजाय दिन-प्रतिदन बढ़ातरी हो रही है। बहरहाल, शिकार के खेले में ग्रामीण ही शिकर बन बैठा, अगर इस पर रोक न लगाई गई तो न जाने कितने और शिकार होंगे। एसपी  अंजुम आरा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।