चार को राहत बरसाएगा अंबर

By: Mar 31st, 2017 12:15 am

विभाग का पूर्वानुमान, उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में आज से बारिश

news शिमला  —  हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में आज मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग ने राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार को एक दो स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। विभाग की मानें तो तीन अप्रैल तक मैदानी इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा। मध्य पर्वतीय  क्षेत्रों में पहली अप्रैल को बारिश की उम्मीदें जताई जा रही हैं,जबकि विभाग चार व पांच अप्रैल को समूचे प्रदेश में गर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। गुरुवार को प्रदेश भर में मौसम साफ बना रहा और धूप खिली रही, जिससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में उछाल आया है। प्रदेश के ऊना का पारा 37.0 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं प्रदेश के कांगड़ा, सुंदरनगर व भुंतर का तापमान भी 32.0 डिग्री से ऊपर चल रहा है। तामपान में लगातार इजाफा आने से प्रदेश के मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। अधिकतम तापमान में एक से दो और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की बढ़ोतरी आई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 25.1, सुंदरनगर में 32.9, भुंतर में 32.3, कल्पा में 22.2, ऊना में 37.0, नाहन में 31.7, सोलन में 30.7, कांगड़ा में 33.4 और मनाली में 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार को एक दो स्थानों पर बारिश होगी। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में पांच अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। वहीं मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी 4-5 अप्रैल को बारिश होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App