जहर निगल दी जान सास-ससुर-पति गिरफ्तार

कुल्लू— जिला कुल्लू के दूरदराज क्षेत्र आनी के दरथेहड़ गांव में एक विवाहिता ने जहर निगल जान दे दी। इस मामले में पुलिस ने मायके वालों की शिकायत के आधार पर जांच कर ससुराल वाले गिरफ्तार कर लिए हैं। मामले की जांच जारी है। महिला की मां ने पुलिस में दिए बयान में कहा है कि उसकी बेटी ने ससुराल वालों से तंग आकर जहर निगला। मां ने रपट में कहा है कि पांच वर्ष पहले उसकी बेटी का विवाह हुआ था। इसके बाद से ही उसके ससुराल वाले दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से तंग करते रहते थे। ऐसे में उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामले की तह तक जांच की और महिला के पति और सास-ससुर को गिरफ्तार किया है। एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह  नेगी ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानबीन जारी रखी है।