पंजाब में कैप्टन सरकार

नौ मंत्रियों के साथ अमरेंदर सिंह ने ली शपथ, कैबिनेट मंत्रियों में सिद्धू भी शामिल

चंडीगढ़— पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन अमरेंदर सिंह ने राज्य के 26वें मुख्यमंत्री के रूप में गुरुवार को शपथ ली। राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर ने कैप्टन सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कैप्टन सिंह के अलावा सात विधायकों ने कैबिनेट मंत्री तथा दो विधायकों ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ग्रहण की। कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने वालों में छह बार के विधायक ब्रह्म मोहिंदरा, क्रिकेटर से राजनीतिज्ञ बने नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व मंत्री और निवर्तमान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे मनप्रीत सिंह बादल, निवर्तमान विधानसभा में पार्टी विधायक दल के नेता चरणजीत सिंह चन्नी, राणा गुरजीत सिंह, तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा और साधू सिंह धर्मसोत शामिल हैं। सुश्री अरुणा चौधरी और रजिया सुल्ताना ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ग्रहण की। इस मौके पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, कैप्टन अमरेंदर की पत्नी परनीत कौर, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस सचिव एवं प्रदेश पार्टी मामलों की प्रभारी आशा कुमारी, पाकिस्तानी पत्रकार आरूसा आलम सहित अन्य विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित थे।

सिद्धू ने छुए कैप्टन के पैर

नई दिल्ली — पंजाब में कांग्रेस की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सिद्धू भाव-विभोर नजर आए। सिद्धू ने पंजाब में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद सीएम कैप्टन अमरेंदर सिंह के पैर छुए।