प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

By: Mar 14th, 2017 12:05 am

बंगाणा —  कुटलैहड़ विस क्षेत्र में रविवार को बदोली गांव में कांग्रेस द्वारा चलो गांव की ओर के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विवेक शर्मा ने की। विवेक शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में एक समान विकास करवाया है। प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित अन्य क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद छोटे उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। भाजपा ने महंगाई को कम करने के दावे से वोट हासिल किए थे, लेकिन आज मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को महंगे दामों पर उपलब्ध हो रही हैं। इससे आम लोगों का बजट गड़बड़ा सा गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कुटलैहड़ में कांग्रेस का विधायक होगा। इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान विधायक लोगों की समस्याओं को उठाने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह द्वारा जिला ऊना में महिला थाना खोलना, अनुबंध कर्मियों व एसएमसी अध्यापकों के वेतन में वृद्धि, कैंसर रोगियों के लिए दो लाख 25 हजार पैकेज, युवा क्लबों को 35 हजार तक अनुदान, कामगारों को गैस कनेक्शन व चूल्हा देने का ऐलान, खेत बचाओ योजना का अनुदान 80 फीसदी, पोलीहाउस पर 50 फीसदी व बोरवेल 50 फीसदी अनुदान देने का फैसला ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब में एतिहासिक जीत के साथ-साथ मणिपुर व गोवा में उम्दा जीत हासिल की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App