बकलोह में आतंकवाद के खिलाफ जंग शुरू

By: Mar 7th, 2017 12:15 am

भारतीय सैनिकों संग ओमान की आर्मी ने शुरू किया ‘अल-नगाह’ सैन्य अभ्यास

newsnewsबकलोह (चंबा) – इंडो-ओमान के साठ जवानों का चौदह दिवसीय संयुक्त सैन्य अभ्यास अल नगाह-दो सोमवार को बकलोह छावनी की धौलाधार रेंज में आरंभ हुआ। इस संयुक्त सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना के गोरखा रायफल ओमान की शाही सेना के जवान युद्ध कौशल व दक्षता की तकनीकों को साझा करेंगे। यह दोनों देशों के बीच दूसरा संयुक्त सैन्य अभ्यास है। इससे पहले दोनों देशों की सेनाएं मस्कट में 2015 में भी संयुक्त सैन्य अभ्यास कर चुकी हंै। यह संयुक्त सैन्य अभ्यास छह मार्च से आरंभ होकर 19 मार्च तक जारी रहेगा। यह अभियान दोनों देशों के बीच सैन्य क्षेत्र में सहयोग के समझौते के तहत आयोजित किया जा रहा है। सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता के अनुसार संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य आतंकवाद का मुकाबला करने में एक-दूसरे की संचालन प्रक्रियाओं से दोनों बलों को परिचित करवाना है। भारतीय सेना और ओमान की शाही सेना के बीच संयुक्त अभ्यास का मकसद मौजूदा सैन्य संबंधों को और मजबूती प्रदान करना भी है। इस चौदह दिवसीय सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना राक राफ्ट, आतंकवाद निरोधी अभियान और इस प्रकार के अभियानों में कम दूरी में घेराबंदी और घरों में हस्तक्षेप प्रक्रिया की जानकारी हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि आतंकवाद रोधी अभियानों में भारतीय सेना काफी दक्षता हासिल किए हुए है, जिसका लाभ ओमान की सेना को मिलेगा। इससे पहले सोमवार को दोनों देशों की सेनाओं के जवानों ने आला अधिकारियों की मौजूदगी में एक- दूसरे से परिचय की रस्म अदा की। धर्मशाला बिग्रेड के कमांडर ने जवानों को संबोधित भी किया। ओमान की शाही सेना का दल चार मार्च को आदमपुर एयरबेस में लैंड करने के बाद विभिन्न पड़ावों से गुजरता हुआ बकलोह पहुंचा। अब 19 मार्च तक भारत व ओमान की सेनाओं के साठ जवान धौलाधार रेंज में युद्ध और आतंकवाद से निपटने की विभिन्न तकनीकों का आपस में आदान- प्रदान करेंगें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App