बद्दी में आग ने निगले पांच लाख

बद्दी —  औद्योगिक कस्बे बद्दी के तहत काठा स्थित कास्मेटिक उद्योग के इलेक्ट्रिकल पैनल में आग लगने से पांच लाख का नुकसान हो गया। आगजनी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग बद्दी की टीम फायर आफिसर प्रकाश चंद की अगवाई में मौके पर पहुंची। टीम ने लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाते हुए डेढ़ करोड़ की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया। मिली जानकारी के अनुसार काठा स्थित रतना सागर हर्बल उद्योग के इलेक्ट्रिकल पैनल में अचानक 12 बजे के करीब आग लग गई। सुरक्षा के लिए तैनात कर्मचारियों ने प्रबंधन व दमकल विभाग को आगजनी की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर आफिसर प्रकाश चंद की अगवाई में भाग सिंह, भीम सिंह, रामलोक, खेम चंद की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ऑफिसर प्रकाश चंद ने बताया कि शॉट सर्किट की के चलते कंपनी के इलेक्ट्रिकल पैनल में आग लगी। आगजनी की इस घटना में पांच लाख रुपए का प्रारंभिक नुकसान आंका गया है। विभाग ने डेढ़ करोड़ की संपत्ति को सुरक्षित बचाने में कामयाबी हासिल की।