हर चुनावी वादा पूरा किया

बंगाणा —  हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी सत्ता में वापसी दर्ज कर नया इतिहास रचेगी। यह बात चलो गांव की ओर कार्यक्रम के तहत कुटलैहड़ विस क्षेत्र के गांव बसाल में जनता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस सचिव विवेक शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि सवा चार साल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने आम जनता के हित में बड़े फैसले लेकर लोगों को राहत पहुंचाई हैं। मुख्यमंत्री सिंह ने हाल ही में प्रस्तुत अपने बजट में प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को एक हजार रुपए मासिक बेरोजगारी भत्ता देने का ऐलान कर न केवल युवाओं के साथ किए गए अपने चुनावी वादे को पूरा किया है अपितु युवा वर्ग में विश्वास की भावना भी पैदा की है। विवेक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कर्मचारी, पेंशनर्ज, युवा, महिलाएं, किसान-बागबान, व्यापारी हर वर्ग को राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, नीतियों व कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करेंगे। वहीं, केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के सांप्रदायिक इरादों को भी जनता के समक्ष उजागर करेंगे। इस अवसर पर बीडीसी अवतार राणा, देशराज, मोहन लाल सैणी, अखिल अग्निहोत्री, गोपाल सैणी, रणजीत सिंह, सुरेश कुमार, पंकज कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।