आकर्षित पाएगा राष्ट्रपति पुरस्कार
ठाकुरद्वारा – जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला जिला कांगड़ा में 11वीं कक्षा का छात्र आकर्षित शर्मा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स में बेहतर प्रदर्शन करते के चलते राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित हुआ है। इस बात की जानकारी स्कूल प्राचार्य सुषमा गोस्वामी ने दी है। उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला में 15 वर्ष पहले ऐसा पुरस्कार बच्चों को मिला था। अब आकर्षित शर्मा ने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। इसमें स्कूल के भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के कैप्टन महेंद्र पाल सिंह का विशेष योगदान रहा है। इससे विद्यालय व नावोदय विद्यालय समिति का नाम रोशन हुआ है। आकर्षित शर्मा जिला कांगड़ा की तहसील इंदौरा के गांव इंदपुर का रहने वाला है। सोमवार को उसके घर इंदपुर में पूरा दिन बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। भारत स्काउट एंड गाइड के कैप्टन महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि स्कूल प्राचार्य सुषमा गोस्वामी के कुशल नेतृत्व में ही यह संभव हुआ है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App