केंद्र सरकार के खिलाफ लगाए नारे
रिकांगपिओ – रसोई गैस सिलेंडर, खाद्य वस्तुएं, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में की जा रही बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में कल्पा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस व आम कार्यकर्ताआें ने केंद्र सरकार के विरुद्ध विरोध रैली निकाल कर जमकर नारेबाजी की। किन्नौर कांग्रेस की इस विरोध रैली के बाद रिकांगपिओ चौक पर जनसभा भी आयोजित की गई। विरोध रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश इंटक सचिव कुलवंत नेगी, जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव निर्मल नेगी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता डा. सूर्या बोरस, पूर्व पंचायत प्रधान खवांगी ललिता पंचारस, किन्नौर इंटक अध्यक्ष मान चंद्र नेगी, भरत लाल आदि वक्ताआें ने कहा कि भाजपा ने झूठ का सहारा लेकर केंद्र की सत्ता तो हथिया ली, लेकिन बाद में जनता पर महंगाई का भोज लाद दिया है। उन्होंने कहा कि, जहां खाद्य पदार्थ, पैट्रोल, डीजल व रसोई गैस सिलेंडरों के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं मोदी सरकार ने सभी बंदरगाहों को सेब आयात के लिए खोल कर हिमाचली व किन्नौरी सेब पर संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब विदेशों से बारी मात्रा में सेब आयात होगा तो निश्चिय ही हिमाचली सेब पर इसका असर पड़ेगा। वहीं केंद्र सरकार ने बैंकों से निकलने वाले पैसों पर टैक्स लगाकर आम मजदूर की जेब काटने का काम किया है। इसी तरह सबसिडी के नाम पर रसोई गैस सिलेंडर के दाम 825 रुपए कर दिए, लेकिन सबसीडी खातों में नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व किन्नौर के विधायक एवं प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी के कुशल नेतृत्व में किन्नौर में विकास के कई आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। वक्ताआें ने मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार के इशारे पर कभी सीआईडी तो कभी ईडी के द्वारा तंग किए जाने की भी कड़ी प्रतिक्रिया जताई। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के ही नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और एक बार फिर इतिहास रचते हुए हिमाचल के मुख्यमंत्री बनेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App