बागीचों के लिए प्रसिद्ध है सिरमौर का धौलाकुआं
जिला सिरमौर में विशाल व विस्तृत फैले बागीचों के लिए धौेलाकुआं प्रसिद्ध है, जिन में नींबू प्रजाति के पौधे, फल विधायन कारखाने, विभिन्न प्रकार के जूस, जैम, आचार और डिब्बा बंद उत्पाद शामिल हैं। धौलाकुआं से थोड़ी दूरी पर कटासन देवी का मंदिर है…
जैसिंहपुर
जैसिंहपुर हरोटी और पपलोर नदियों के तट पर स्थित है। यहां बहुत अधिक संख्या में मंदिर हैं। इनमें से कुछ महत्त्वपूर्ण हैं ‘लक्ष्मी नारायण,’ शीतला तोतला माता, जानकी नाथ और एक प्राचीन मंदिर नील कंठ महादेव। मस्त अली शाह और बाबा मनी राम की कब्रें भी यहां हैं। शीतला माता मंदिर के निकट गुग्गा छतरी मंदिर के अवशेष पाए जाते हैं। मुडियां दा टियाला स्थान जो चौंटा के नाम से भी जाना जाता है, भी निकट ही स्थित है जहां 1688 ई. में बिलासपुर के राजा भीम चंद और मंडी के राजा सिद्धसेन द्वारा बीजापुर को जलाए जाने के प्रतिकार के रूप में कटोच राजा उदय चंद द्वारा मंडी के 64 सैनिकों के सिर कत्ल करके उन का अंतिम संस्कार किया गया था। चौंटा को राजा सिद्धसेन ने 64 सैनिकों की याद में बनाया था।
जालमा
यह स्थान लाहुल-स्पीति की पत्तन घाटी में चंद्र भागा नदी के साथ है। एक पौराणिक कथा के अनुसार लाहुल और कुल्लू के सारे देवता यहां निवास करते हैं। यह गांव भिन्न-भिन्न देवी-देवताओं के पुराने और क्रमबद्ध चित्रों के लिए प्रसिद्ध है, जो यहां सुरक्षित हैं। यह चित्र मध्य एशियन शैली का प्रतिनिधित्व करते हैं।
जतोग
यह शिमला के पश्चिमी सिरे से लगभग 5 किलोमीटर दूरी पर है। यह पहाड़ी ब्रिटिश सरकार द्वारा 1843 ई. में अधिगृहीत की गई थी। यह पहले गोरखा रेजिमेंट ने अधिकार में ली। इस स्थान पर ब्रिटिश पर्वतीय तोपखाने की दो कंपनियां स्थायी रूप से किसी भी विद्रोह को दबाने के लिए तैनात रहती थी।
हाटकोटी
यह शिमला से 104 किलोमीटर की दूरी पर और रोहडू से 16 किलोमीटर पहले पड़ता है। दुर्गा और भगवान शिव का प्राचीन मंदिर देखने योग्य है। इसके समीप पब्बर नदी बहती है। यहां से एक सड़क उत्तराखंड को जाती है। इसके निकट कुछ महाभारत काल के स्थान हैं।
धौलाकुआं
यह जिला सिरमौर में विशाल व विस्तृत फैले बागीचों के लिए प्रसिद्ध है, जिन में नींबू प्रजाति के पौधे, फल विधायन कारखाने, विभिन्न प्रकार के जूस, जैम, आचार और डिब्बा बंद उत्पाद शामिल हैं। धौलाकुआं से थोड़ी दूरी पर कटासन देवी का मंदिर है, जहां राजा जगत सिंह ने एक बड़े युद्ध में गुलाम कादिर रोहिला को हराया था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App