मौसम साफ, फिर भी लुढ़का पारा

By: Apr 11th, 2017 12:02 am

अधिकतम तापमान में दो, न्यूनतम में चार डिग्री तक की गिरावट

शिमला  – प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के बावजूद तापमान में गिरावट का क्रम जारी है। सोमवार को भी राज्य के कई क्षेत्रों के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट रिकार्ड की गई है। अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की और न्यूनतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है, जिसके चलते सुबह व शाम के समय ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो समूचे राज्य में 16 अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रहेगा, मगर ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है। सोमवार को मौसम शुष्क रहने से सुंदरनगर, भुंतर व सोलन के अधिकतम तापमान में हल्का इजाफा आया है, मगर कल्पा, धर्मशाला, नाहन और ऊना के पारे में गिरावट आई है। ऊना के न्यूनतम तापमान में भी सर्वाधिक चार डिग्री तक की गिरावट आई है। सुंदरनगर में दो, भुंतर में एक और शिमला के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग द्वारा तापमान में और हल्की गिरावट की संभावनाएं जताई जा रही हैं। शिमला में अधिकतम तापमान 19.6, सुंदरनगर  में 27.9, भुंतर में 27, कल्पा में 13.8, धर्मशाला में 23.4, ऊना में 32, नाहन में 26.9 और सोलन में 26.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

केलांग का पारा अभी भी माइनस में

केलांग का न्यूनतम तापमान अभी भी जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। केलांग में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री रिकार्ड किया गया है, जो देश भर में सबसे कम आंका गया है। न्यूनतम तापमान में गिरावट चलने से प्रदेश में सुबह-शाम के समय ठंड का प्रकोप जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App