ऊना में जयपुर जैसी गर्मी

By: Apr 13th, 2017 12:20 am

धूप खिलने से चढ़ने लगा पारा, तीन से चार डिग्री बढ़ा तापमान

NEWSशिमला — अप्रैल के मध्य में प्रदेश का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार बुधवार को अधिकतर स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को ऊना प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। बुधवार को ऊना का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो जयपुर के अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री से महज .3 ही कम था। वहीं अन्य जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।  इस दौरान सुंदरनगर ऊना के बाद सबसे गर्म रहा। सुंदरनगर का तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसी तरह नाहन में 33.4, सोलन में 31.0, भुंतर में 31.2, कल्पा में 17.4, धर्मशाला में 26.6 और शिमला में 25.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का रुख इसी तरह का बना रहेगा। ऐसे में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 13 अप्रैल से 18 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले छह दिनों तक मौसम साफ बना रहेगा । केवल 14 अप्रैल को प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा व हिमपात की संभावना है। बहरहाल प्रदेश में तापमान बढ़ने लगा है । मैदानों इलाकों में तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार है।

शिमला-नाहन का न्यूनतम तापमान  बढ़ा

मौसम में बदलाव के बाद अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान भी बढ़ने लगा है। बुधवार को पिछले 24 घंटों के दौरान नाहन का न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री रहा। जबकि शिमला का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री तक पहुंच गया है। केलांग को छोड़कर अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान नौ डिग्री से अधिक ही रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App