जागरूक करेगा पंचायती राज संगठन

मंडी —  राजीव गांधी पंचायती राज संगठन आने वाले समय में संविधान के 73वें और 74वें संशोधन को केरल और कर्नाटक की तर्ज पर प्रदेश में लागू करवाने का प्रयास करेगा। इसके लिए जमीनी स्तर पर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। सोमवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन मंडी जिला की ओर से पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के राष्ट्रीय महासचिव गगनदीप सिंह और प्रदेश संयोजक दीपक राठौर विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर पंचायती राज संगठन के प्रतिनिधियों को उनके बेहतर कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश संयोजक दीपक राठौर ने कहा कि आने वाले समय में संगठन प्रदेश  भर में स्वराज संवाद यात्रा निकाल कर लोगों को संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के बारे में तथा इसमें पंचायती राज संस्थाओं को दी गई शक्तियों को लेकर जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश केरल के बाद देश के सबसे साक्षर राज्यों में शामिल है। अगर केरल और कर्नाटक में इस संशोधन को लागू किया जा सकता है तो हिमाचल में यह प्रयोग क्यों नहीं सफल होगा। इस बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा, जिससे अपने अधिकारों की लड़ाई लोग स्वयं लड़ सकें। इसके अलावा चुनावी वर्ष होने की वजह से संगठन प्रदेश की कांग्रेस सरकार की योजनाओं और कांग्रेस पार्टी की नीतियों का भी लोगों के बीच प्रचार करेगा, जिससे प्रदेश में दोबारा कांग्रेस की सरकार स्थापित की जा सके। इस अवसर पर मंडी जिला संयोजक महेंद्र ठाकुर, जोनल संयोजक हीरापाल सिंह, नाचन से ब्रह्मदास चौहान, दिल्ली से प्रशिक्षक और अन्य उपस्थित रहे।