पीएम मोदी के स्वागत को सजने लगा शिमला

By: Apr 24th, 2017 12:15 am

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के वार्डों में चलाया सफाई अभियान

newsशिमला – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए शिमला तैयार हो रहा है। अपने पुराने घर में मोदी आ रहे हैं, इसलिए उनका स्वागत भी यहां जोरदार तरीके से होगा। मोदी शिमला में काफी समय तक रहे हैं, लिहाजा यहां से उनकी कई यादें भी जुड़ी हैं। तब के शिमला और अब के शिमला में काफी अंतर है। मोदी के आगमन को लेकर यहां पर भाजपा के पदाधिकारी साज-सज्जा और सफाई पर ध्यान दे रहे हैं। रविवार को भाजपा ने शिमला भर में सफाई अभियान चलाया। भाजपा नेता अलग-अलग वार्डों में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे, जहां नगर निगम के कर्मचारी भी उनके साथ जुटे रहे। हालांकि पूरे वार्ड की सफाई एक दिन में करना मुश्किल था और कई जगहों तक कार्यकर्ता पहुंच भी नहीं पाए, परंतु फिर भी पार्टी ने शहर को साफ करने की जो मुहिम छेड़ी है, वह साफ तौर पर सत्ता की सफाई के लिए दिखाई दी। मोदी की परिवर्तन रैली के जरिए भाजपा प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करना चाहती है, जिसकी शुरुआत शिमला से की जा रही है। रविवार को यहां वार्डों में कार्यकर्ताओं ने झाडू लेकर सफाई की। एक साथ लगभग सभी स्थानों पर वहां के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, जिनके नेतृत्व को पार्षद व स्थानीय नेता भी भेजे गए।

आज पहुंचेंगे जेपी नड््डा

केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा व कुछ अन्य केंद्रीय नेता भी सोमवार को शिमला पहुंचे जाएंगे। नड्डा यहां रैली के आयोजन को लेकर कमान संभालेंगे। मंडी रैली के दौरान भी नड्डा पहले ही पहुंच गए थे, जिन पर यह जिम्मेदारी दी गई थी।

टका बैंच पर स्टेज को लेकर जायजा, एसपीजी भी पहुंची

रिज पर रैली को लेकर चल रहे विरोधाभासों के बीच आयोजन स्थल का दौरा करने विधायक डा. राजीव बिंदल गए। उन्होंने रिज की क्षमता को लेकर चर्चा की, वहीं टका बैंच पर स्टेज को लेकर भी बातचीत की। पहले भी देश के प्रधानमंत्री टका बैंच से जनता को संबोधित कर चुके हैं। उनके साथ यहां एसपीजी के लोग भी थे, जिन्होंने पूरे एरिया की अपने नजरिए से पड़ताल की। वहीं एसपीजी ने अनाडेल से लेकर रिज तक आने वाले मार्ग का भी जायजा लिया और स्थानीय प्रशासन को जरूरी हिदायतें दीं।

घर-घर बांटे निमंत्रण पत्र

शहर में चल रही तैयारियों के बीच यहां कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान के साथ लोगों के घरों तक निमंत्रण पत्र पहुंचाने का अभियान भी चलाया है। अगले दो दिन तक हर घर में पहुंचकर मोदी की रैली में आने का निमंत्रण भाजपा देगी। भाजपा चाहती है कि अधिक से अधिक संख्या में इस परिवर्तन रैली में लोग पहुंचें, क्योंकि यह रैली चुनावी रणभेरी होगी। प्रधानमंत्री इसी रैली के माध्यम से चुनावी शंखनाद करेंगे और जितनी अधिक संख्या यहां पर मौजूद रहेगी, उससे ही पार्टी अपनी आगामी रणनीति भी बनाएगी। शिमला में नगर निगम के चुनाव भी होने हैं, इसलिए भाजपा का मुख्य मकसद है कि शिमला शहर से अधिक से अधिक भीड़ को जुटाया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App