मुख्यमंत्री का थैंक्स…और अग्निशमन केंद्र मांगा

By: Apr 9th, 2017 12:07 am

डूमखर में शिवराम जनकल्याण समिति के समारोह में विक्रमादित्य के सामने रखीं मांगें, रंगारंग प्रस्तुतियों से कलाकारों ने बांधा समां

NEWSबंगाणा – शिवराम जनकल्याण समिति बंगाणा का चौथा वार्षिक सम्मेलन डूमखर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज मां सरस्वती की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्वलित करके किया गया। समिति के प्रधान रूमेल धीमान ने मुख्यातिथि को टोपी, शाल, चांदी का मुकुट व तलवार भेंट सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्कूली विद्यार्थियों व अन्य कलाकारों ने सांस्कृतिक व रंगारंग प्रस्तुतियां देकर खूब धमाल मचाई। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष रूमेल धीमान ने समिति का वार्षिक लेखा-जोखा सभी के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा अब तक 1370 लड़कियों की शादी में सहयोग दिया जा चुकाहै। उन्होंने कहा कि निर्धन लोगों की सेवा के लिए समिति तत्पर रहती है। इस मौके पर रूमेल धीमान ने बंगाणा में अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग की। वहीं कुटलैहड़ में विकास के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया। इस मौके पर अपने संबोधन में आपदा प्रबंधन बोर्ड के वाईस चेयरमैन राजेंद्र राणा ने कहा कि मैं भाजपा मुख्यमंत्री के साथ भी काम कर चुका हूं, लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की कार्यप्रणाली प्रशंसनीय है। वीरभद्र सिंह के नेतृत्व मेें प्रदेश में रिकार्ड विकास हो रहे हैं। भाजपा के लोगों ने हमेशा विकास में अड़चने डालने का प्रयास किया है। इस मौके पर विभिन्न युवा व महिला मंडलों को गैस चूल्हा व वालीबाल किट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र फौजी, राजेंद्र शर्मा, मीना चौधरी, उर्मिला शर्मा, उपमंडलाधिकारी दिले राम धीमान, मेहर चंद, चंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, चमन लाल व कर्मचंद शर्मा आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस नहीं करती जाति-धर्म की राजनीति

बंगाणा — कांग्रेस पार्टी जाति, धर्म पर राजनीति नहीं करती है। न ही अपने विकास के मुददे से पीछे हटती है। यह बात प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्स सिंह ने शिवराम जनकल्याण समिति बंगाणा के चौथे वार्षिक सम्मेलन में अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में एक समान विकास करवाया है। वह किसी द्वारा मनोनीत मुख्यमंत्री नहीं है, बल्कि हिमाचल की जनता द्वारा चुने गए मुख्यमंत्री हैं। जहां तक प्रो. प्रेम कुमार धूमल व भाजपा की बात है, वह हमेशा मुख्यमंत्री पर झूठे आरोप लगाते आ रहे हैं। वीरभद्र सिंह हमेशा उनके आरोपों से बइज्जत बरी होते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस अपने विकास के दम पर पुनः रिपीट करेगी।

मांगों को लेकर युकां अध्यक्ष से मिले अनुबंध कर्मी

अंब — हिमाचल सर्व अनुबंध कर्मचारी महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को अपनी मांगों को लेकर प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य से मिला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रूमेल धीमान के नेतृत्व में संघ के प्रधान सुधीर, सचिव, राजिंद्र, विनोद, अरुण, विजय आदि ने अनुबंध शिक्षक कर्मचारियों को पांच वर्ष के बजाय तीन वर्ष में स्थायी करने की मांग उठाई। उन्होंने विक्रमादित्य सिंह से उनकी मांग को सरकार तक पहुंचाकर उन्हें राहत प्रदान करने की मांग की है। विक्रमादित्य सिंह ने आश्वासन दिया कि उनकी मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर इसका निराकरण किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App